भारत

कोलकाता गैंगरेप बहुत गंभीर अपराध, आरोपियों को सख्त सजा मिले : कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी

Nil dhankar
29 Jun 2025 1:42 PM IST
कोलकाता गैंगरेप बहुत गंभीर अपराध, आरोपियों को सख्त सजा मिले : कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी
x

प्रयागराज। कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कोलकाता गैंगरेप को "बहुत गंभीर अपराध" करार देते हुए दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की बात पर जोर दिया है। कांग्रेस सांसद ने रविवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत की। उन्होंने कहा कि सिक्योरिटी गार्ड के कमरे में जिस तरह की घटना को अंजाम दिया गया है यह सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाता है। तिवारी ने मांग की कि दोषियों के खिलाफ, चाहे उनका कोई भी संबंध हो, सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर दो से तीन महीने में आरोपियों को कड़ी सजा देने की वकालत की। साथ ही, उन्होंने भाजपा को सलाह दी कि इस संवेदनशील मुद्दे पर राजनीति नहीं करनी चाहिए।

तिवारी ने भाजपा से कहा है कि वह पहले उन प्रदेशों का हाल सुधारे जहां पर भाजपा शासित सरकार है। पुरी में हुई भगदड़ पर कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि इतने वर्षों से ओडिशा में भगवान जगन्नाथ की यात्रा होती थी। भगवान अपनी मौसी के घर जाते हैं। पहली बार यहां पर भाजपा सरकार बनी और उन्होंने इसे राजनीतिक इवेंट बना दिया। इस घटना में जिनकी मृत्यु हुई है उन्हें अपनी ओर से श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

पीएम मोदी से शुभांशु शुक्ला की बातचीत पर कांग्रेस सांसद ने कहा कि यह 140 करोड़ से अधिक भारतीयों के लिए बहुत गर्व का क्षण है कि शुभांशु शुक्ला हमारे नायक के रूप में वहां गए हैं। उनके साहस, निडरता और चेहरे पर चमक दर्शाती है कि वह इस यात्रा को सफल बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उनके पीछे, भारतीय तिरंगा जिसे वो खुद लेकर गए। उसे देखकर हर भारतीय का दिल को गर्व से भर गया है। पीएम मोदी ने वार्ता की अच्छी बात है कि पूर्व में भी प्रधानमंत्रियों ने भी बात की थीं।


Next Story
null