रेलवे स्टेशन से अपहरण फिर गैंगरेप, पिता संग ट्रेन का इंतजार कर रही थी पीड़िता

सांकेतिक फोटो
बिहार। लकवाग्रस्त पिता का इलाज कराने बिहार के गोपालगंज गई कुशीनगर के कुबेरस्थान क्षेत्र की रहने वाली किशोरी (उम्र 17 वर्ष) के साथ सासामुसा रेलवे स्टेशन पर तीन बदमाशों ने सोमवार की सुबह सामूहिक दुष्कर्म किया। दरिंदों ने बेरहमी से उसकी पिटाई की और शरीर पर जगह-जगह नाखून से नोंच डाला। कान और नाक से सोने के गहने भी छीन लिए। किशोरी को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। बिहार पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
कुशीनगर के कुबेरस्थान थाना क्षेत्र की किशोरी के पिता लकवाग्रस्त हैं। सासामुसा रेलवे स्टेशन के समीप श्यामपुर मठिया में उनका इलाज चलता है। पिता का इलाज कराने के बाद ट्रेन से घर लौटने के लिए रविवार की रात किशोरी सासामुसा स्टेशन पहुंची। ट्रेन छूट जाने की वजह से वह रात में स्टेशन पर ही रुकी रही।
पीड़िता ने पुलिस को बताया है कि वह सुबह की ट्रेन का इंतजार कर रही थी। इस बीच पिता को प्यास लगी तो वह पानी लेने हैंडपंप की तरफ गई। इस दौरान तीन बदमाशों ने उसे अगवा कर लिया और मुंह में कपड़ा ठूंसकर सुनसान गली में ले गए। विरोध करने पर बदमाशों ने उसे बेरहमी से पीटा और फिर सामूहिक दुष्कर्म किया। बदमाश बेहोशी की हालत में उसे वहीं छोड़ भाग गए। कुछ देर बाद बाजार के लोगों ने किशोरी को बेहोशी की हालत में देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया। पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। एसपी अवधेश दीक्षित ने बताया कि आरोपित सासामुसा के अभिषेक ने अपना अपराध भी कबूल किया है।





