भारत

नलसर में पुलिस टीम के साथ कांगड़ा सहकारी बैंक की कार्रवाई से हडक़ंप

Shantanu Roy
10 Jun 2026 5:40 PM IST
नलसर में पुलिस टीम के साथ कांगड़ा सहकारी बैंक की कार्रवाई से हडक़ंप
x

नेरचौक. बहुचर्चित बैंक ऋण डिफॉल्ट मामले में मंगलवार को कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक (केसीसीबी) ने कड़ा संज्ञान लेते हुए एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। बैंक प्रबंधन ने प्रशासनिक और पुलिस अमले की मुस्तैदी में नलसर स्थित एक निर्माणाधीन होटल भवन को अपने कब्जे में लेकर पूरी तरह से सील कर दिया। इस हाई-प्रोफाइल कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए थे। यह पूरी प्रक्रिया कई घंटों तक भारी गहमा-गहमी के बीच चलती रही। जानकारी के मुताबिक, संबंधित एक स्थानीय कारोबारी ने बैंक से भारी-भरकम ऋण ले रखा था, जिसका भुगतान वह लंबे समय से नहीं कर पा रहा था।

बैंक द्वारा बार-बार दिए गए नोटिसों के बावजूद लोन चुकता न करने पर आखिरकार बैंक प्रबंधन ने नियमानुसार संपत्ति को कुर्क करने और कब्जे में लेने का फैसला किया। यह मामला पिछले कुछ समय से समूचे क्षेत्र में खासी चर्चा का विषय बना हुआ था। दूसरी ओर संबंधित कारोबारी ने बैंक की इस कार्रवाई का विरोध करते हुए संपत्ति के मूल्यांकन और बैंक अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए थे और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग भी की थी। तहसीलदार बल्ह सुभाष ठाकुर की अगवाई में क्षेत्रीय कानूनगो रोशन लाल और स्थानीय पटवारी मौका-ए-वारदात पर मुस्तैद रहे। प्रशासनिक टीम की मौजूदगी में सबसे पहले निर्माणाधीन होटल भवन का बारीकी से निरीक्षण किया गया।
Next Story