भारत

बम्म में कहलूर उत्सव का आगाज

Shantanu Roy
19 May 2026 5:49 PM IST
बम्म में कहलूर उत्सव का आगाज
x
Bam! बम्म। बिलासपुर जिले की बम्म घाटी में पांचवें कहलूर उत्सव एवं झंडे वाला मेले का शुभारंभ हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ हुआ। मेले का उद्घाटन आभूषण व्यवसायी पूजा सोनी एवं प्रदीप सोनी ने दीप प्रज्वलित कर विधिवत पूजा-अर्चना और सरस्वती वंदना के साथ किया। मेला कमेटी ने मुख्यातिथियों को स्मृति चिन्ह, शॉल और टोपी भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों पेश कर दर्शकों का मन मोहा। बम्म बाजार और खुले मैदान में लगी विभिन्न प्रकार की दुकानें, व्यापारिक संस्थान, हिंडोले और झूले लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे। मेले में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर खरीदारी और मनोरंजन का
आनंद लिया।


मेले की पहली सांस्कृतिक संध्या लोक गायक मोहित गर्ग के नाम रही। उन्होंने अपने पहाड़ी और पंजाबी गीतों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने ‘करी लैनी पहाड़ा री सैर’, ’ओ निकी जेहि गुजरी’, ’यशोदा तेरा कनियां’, ’ठंडी-ठंडी हवा’ और ’डब्बा टीन दा’ जैसे गीतों की शानदार प्रस्तुतियां देकर खूब वाहवाही बटोरी। स्टार नाइट कायक्रम का शुभारंभ प्रधान गौ सेवा समिति पडय़ालग के रामचंद बरूर ने दीप प्रज्वलित कर किया। मेला प्रबंधन एवं कहलूर उत्सव कमेटी के प्रधान कर्म दत्त शर्मा ने बताया कि पिछले पांच वर्षों से यह आयोजन लगातार किया जा रहा है और इस वर्ष कायक्रम को और भव्य बनाने के प्रयास किए गए हैं। कार्यक्रम के अंत में मुख्यातिथियों ने प्रतिभागी बच्चों और कलाकारों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस मौके पर मनीष कुमार शर्मा, राकेश शर्मा, राकेश सिटी, भंडारी राम, ज्योति शर्मा, देश राज वर्मा, राजकुमार शर्मा, काली दास, दौलत राम शर्मा, इंद्र शर्मा, अरुण शर्मा व कांता देवी शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
Next Story