भारत

जज के पिता का मर्डर, रिश्तेदार पर ही आरोप

Nilmani Pal
28 Feb 2026 6:32 AM IST
जज के पिता का मर्डर, रिश्तेदार पर ही आरोप
x
पढ़े पूरी खबर

यूपी। मुरादाबाद में सरेराह स्कूटी सवार जज के पिता मोहम्मद असद की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उनकी बेटी आसमां सुल्ताना और दामाद बुलंदशहर में जज हैं। हत्या का आरोप असद के ही साले हिस्ट्रीशीटर जफर पर लगा है। आरोप है कि जफर काफी समय से दस लाख रुपये की रंगदारी मांग रहा था। रकम न देने पर ही उसने योजनाबद्ध तरीके से हत्याकांड को अंजाम दिया है। वारदात के समय मोहम्मद असद अपने बड़े साले मुजाहिद के साथ स्कूटी से तरावीह पढ़ने लाल मस्जिद जा रहे थे। हत्याकांड के बाद से पुलिस जांच पड़ताल कर आरोपी की तलाश में जुटी है।

सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के जिगर कालोनी निवासी 62 साल के मोहम्मद असद शहर की नामी बेकरी चैन अलवीना बेकर्स के संचालक हैं। परिवार में पत्नी मीना, एक बेटा अरीब और तीन बेटियां मीसा, रूमा और आसमां सुल्ताना हैं। बेटी आसमां सुल्तान और दामाद मोहम्मद आलम जज हैं और दोनों बुलंदशहर में तैनात हैं। बताया गया कि शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे मोहम्मद असद अपने बड़े साले नागफनी के मोहल्ला डेहरिया के रहने वाले मुजाहिद के साथ घर से स्कूटी पर लाल मस्जिद में तरावीह पढ़ने जा रहे थे।

बंगला गांव चौराहे के पास पहुंचे थे तभी एक बाइक पर मोहम्मद असद का छोटा साला हिस्ट्रीशीटर मोहम्मद जफर आ गया। बाइक को कोई और चला रहा था। बाइक को मोहम्मद असद की स्कूटी के बगल में लगा दिया। आरोप है कि जफर हुसैन ने मोहम्मद असद के सिर में पिस्टल सटाकर गोली मार दी। जिससे वह स्कूटी समेत लड़खड़ाकर गिर गए। भीड़भाड़ वाले चौराहे के पास सरेशाम हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी बाइक सवार फर्राटा भरते हुए वहां से गुरहट्टी की ओर भाग निकले। घटना स्थल पर अफरातफरी मच गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस आनन-फानन में घायल मोहम्मद असद को लेकर जिला अस्पताल पहुंची जहां डॉक्टरों ने देखते ही मृत घोषित कर शव मोर्चरी में रखवा दिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी जफर हुसैन ने दिसंबर माह में मोहम्मद असद से दस लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी, जिसका मुकदमा मझोला थाने में दर्ज है। इसके अलावा जफर के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में उसके सगे भाई मुजाहिद ने भी धोखाधड़ी और जालसाजी कर मकान पर कब्जा करने का मुकदमा दर्ज करा रखा है। वारदात के बाद एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने घटना स्थल और अस्पताल पहुंचकर जानकारी ली। मौके पर फॉरेंसिक विभाग की फील्ड यूनिट बुलाकर जांच पड़ताल कराई गई। एसपी सिटी ने बताया कि परिजनों से तहरीर मिलते ही केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। हत्यारोपियों की तलाश में नागफनी पुलिस की तीन टीम के साथ ही एसओजी और सर्विलांस सेल को भी लगाया गया है।


Next Story
null