भारत

जल तरंग जोश महोत्सव-2025 का आगाज, हवा से बरसे पुष्प

Shantanu Roy
22 Nov 2025 5:45 PM IST
जल तरंग जोश महोत्सव-2025 का आगाज, हवा से बरसे पुष्प
x
बिलासपुर। गोबिंद सागर झील के लुहणू मैदान के समीप आयोजित तीन दिवसीय जल तरंग जोश महोत्सव-2025 का शुक्रवार को भव्य शुभारंभ नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षाए व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने किया। उन्होंने क्रूज के माध्यम से झील में पहुंचकर हरी झंडी दिखाकर वॉटर स्पोर्ट्स गतिविधियों का औपचारिक शुभारंभ किया। इस वॉटर स्पोर्ट्स प्रतियोगिता में उतरी भारत राज्यों सहित हिमाचल प्रदेश के 200 से अधिक प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। उद्घाटन समारोह के दौरान जिला पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन के पायलटों द्वारा हवा से पुष्प वर्षा कर कार्यक्रम को और भी आकर्षक और मनोहारी बनाया। इसी दौरान स्टिल वॉटर राफ्टिंग प्रतियोगिता की शुरुआत हुई जिसमें हिमाचल की टीम विजयी रही, साथ ही कैनोइंग और कयाकिंग का भी शानदार प्रदर्शन किया गया। राजेश धर्माणी ने मेला ग्राउंड में पहुंचकर विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों का भी अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने रेडक्रॉस तथा आजीविका मेले का भी शुभारंभ किया।
इस अवसर उपस्थित जन समूह को संबोधित करते हुए नगर एवं ग्राम नियोजन मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि प्रदेश सरकार जिला बिलासपुर में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि वॉटर स्पोर्ट्सए एडवेंचर स्पोर्ट्स और एयरो स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन के माध्यम से सतत प्रयास किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिलासपुर को वीकेंड टूरिस्ट डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है जहां पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली से बड़ी संख्या में पर्यटक आकर ठहर सकेंगे, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा यहां के पर्यटन विकास को एक नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि पर्यटन की दृष्टि से जिला में ऐसा अनुकूल वातावरण तैयार किया जा रहा है जहां पर्यटकों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों। उन्होंने कहा कि जिला में पर्यटन गतिविधियों को देखते हुए होमस्टे को और अधिक बढ़ावा दिया जाएगा। बहादुरपुर, कोटधार, बंदला और सयूल खास जैसे क्षेत्रों में पर्यटन विकास की व्यापक संभावनाएं हैं जिन्हें चरणबद्ध तरीके से विकसित किया जाएगा। मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार पशुपालकों और किसानों की समृद्धि के लिए निरंतर कार्य कर रही है। दूध के न्यूनतम समर्थन मूल्य में रिकॉर्ड वृद्धि की गई है और गेहूं, मक्का तथा हल्दी पर भी किसानों को एमएसपी सुनिश्चित की गई है। राजेश धर्माणी ने कहा कि जिला स्तर पर आयोजित होने वाले मेलों और गतिविधियों को सुव्यवस्थित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा वार्षिक कैलेंडर तैयार किया जाएगा ताकि पूरे वर्ष भर जन भागीदारी और गतिविधियों का निरंतर प्रवाह बना रहे। इस अवसर पर सदर विधायक त्रिलोक जमवाल, पूर्व विधायक बंबर ठाकुर, तिलक राज शर्मा, कांग्रेस नेता विवेक कुमार, हिमुडा निदेशक मंडल सदस्य जितेंद्र चंदेल, निदेशक सहकारी बैंक सुनील शर्मा, एपीएमसी अध्यक्ष सतपाल वर्धन, उपायुक्त राहुल कुमार, पुलिस अधीक्षक संदीप धवल, निदेशक मत्स्य विवेक चंदेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारियों सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Next Story