भारत

ठेकेदार की लाश थी, साथियों ने ही किया था मर्डर, कुचल दिया था सिर

Nilmani Pal
28 May 2026 8:14 AM IST
ठेकेदार की लाश थी, साथियों ने ही किया था मर्डर, कुचल दिया था सिर
x
पढ़े पूरी खबर

यूपी। आगरा में अलबतिया (जगदीशपुरा) निवासी 50 वर्षीय सुखलाल कुशवाह की हत्या उनके दोस्तों ने ही की थी। नशे में बहस होने पर दोस्तों ने वारदात को अंजाम दिया था। पहचान न हो इसलिए पत्थर से चेहरा कुचल दिया था। सीसीटीवी और एक टैटू की मदद से पुलिस ने पहले शव की पहचान की उसके बाद हत्याकांड का खुलासा। दो आरोपित गिरफ्तार हैं। एक को जेल भेजा गया है, दूसरा एसएन में भर्ती है। 15 मई को सिकंदरा के गांव सुनारी के पास एक अज्ञात शव मिला था। चेहरा कुचला हुआ था। हाथ पर एक टैटू बना था।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। गांव सुनारी थाना सिकंदरा और जगदीशपुरा के बार्डर पर है। घटनास्थल के पास कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं था। पुलिस ने घटनास्थल तक पहुंचने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले। सीसीटीवी देख पुलिस को अंदाजा हुआ हत्यारोपी बोदला की तरफ से आए थे। पुलिस ने बोदला क्षेत्र में 14 मई के सीसीटीवी कैमरे खंगाले। एक बैंक के बाहर लगे कैमरे में एक व्यक्ति दिखा। उसके हाथ पर वही टैटू बना था जो मरने वाले के हाथ पर था।

पुलिस को सड़क पर बिखरे हुए कुछ कागज मिले। एक कागज पर अलबतिया का पता था। पुलिस खोजते हुए उस घर पर पहुंची। घरवाले सुखलाल कुशवाह की तलाश में परेशान थे। पुलिस को बताया कि सुखलाल कुशवाह सबमसर्बिल के ठेकेदार थे। 14 मई को काम पर गए थे। रात को घर नहीं लौटे। शिनाख्त के बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की धारा के तहत मुकदमा दर्ज किया।

डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि इंस्पेक्टर सिकंदरा प्रदीप त्रिपाठी और एसआई प्रशांत चौहान को खुलासे में लगाया। सीसीटीवी में ऑटो पर लगे स्टीकर से पुलिस ने पहचाना। पता चला कि ऑटो निखिल चलाता है। छानबीन में धर्मवीर और कन्हैया के नाम प्रकाश में आए। कन्हैया को पकड़ा गया। उसने बताया कि धर्मवीर ने फोन करके 14 मई की रात बोदला पर बुलाया था। धर्मवीर के साथ निखिल पहले से मौजूद था। इसी दौरान सुखलाल वहां आया। धर्मवीर और सुखलाल के बीच प्रोपर्टी को लेकर बहस हो गई। नौबत मारपीट तक जा पहुंची। धर्मवीर को यह बात नागवार गुजरी। ठान लिया कि उसे नहीं छोड़ेगा। निखिल और उसने सुखलाल को ऑटो में डाल लिया। कन्हैया ने बताया कि 15 मई को वह धर्मवीर और निखिल शहर छोड़कर भाग रहे थे। बाइक पर थे। मलपुरा क्षेत्र में बाइक फिसल गई। निखिल बुरी तरह जख्मी हो गया। उसका एसएनएमसी में इलाज चल रहा है। निखिल के पास एसएनएमसी में पुलिस को बैठाया गया है। ठीक होते ही उसे जेल भेजा जाएगा।

Next Story