भारत

बारिश हुई, सैलानी आए, पर ट्रैफिक जाम ने बिगाड़ा काम

Shantanu Roy
14 Jun 2026 4:47 PM IST
बारिश हुई, सैलानी आए, पर ट्रैफिक जाम ने बिगाड़ा काम
x
Solan. सोलन। मैदानी इलाकों में बढ़ती गर्मी से राहत पाने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक इन दिनों पहाड़ों का रुख कर रहे हैं। वीकेंड के चलते सोलन, कसौली, चायल और आसपास के पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की आमद में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पर्यटकों की बढ़ती संख्या से जहां पर्यटन कारोबार को नई गति मिली है, वहीं प्रमुख सडक़ों और पर्यटन मार्गों पर यातायात का दबाव भी बढ़ गया है। शनिवार को कालका-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग, कंडाघाट, धर्मपुर, परवाणू और कसौली मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। कंडाघाट क्षेत्र में कई स्थानों पर यातायात धीमी गति से चलता रहा, हालांकि पुलिस और यातायात विभाग की सक्रियता के चलते स्थिति
नियंत्रण में रही।

कसौली और चायल के होटल, होम-स्टे, रेस्तरां और कैफे पर्यटकों से भरे रहे। होटल व्यवसायियों के अनुसार सप्ताहांत के कारण अधिकांश होटलों में अच्छी ऑक्युपेंसी दर्ज की गई है। पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए जिला पुलिस ने प्रमुख चौराहों और पर्यटन मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि पर्यटकों की बढ़ती आमद से बाजारों में रौनक लौट आई है। होटल, टैक्सी, रेस्तरां और अन्य पर्यटन व्यवसायों को इसका सीधा लाभ मिल रहा है। मौसम सुहावना रहने पर आने वाले दिनों में पर्यटकों की संख्या और बढऩे की संभावना है।
Next Story