भारत

इसरो स्पेस साइंस के प्रति जागरुता के लिए भविष्य के लिए तैयार करेगा युवा वैज्ञानिक

Admin Delhi 1
20 March 2023 2:30 PM GMT
इसरो स्पेस साइंस के प्रति जागरुता के लिए भविष्य के लिए तैयार करेगा युवा वैज्ञानिक
x

कोटा: भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संस्थान-इसरो ने अंतरिक्ष विज्ञान में प्रतिभाओं की खोज के लिए युवा वैज्ञानिक कार्यक्रम-युविका शुरू किया है। जिसका उद्देश्य भविष्य में देश के लिए बेहतर वैज्ञानिक तैयार करना है। इसरो के वैज्ञानिक स्कूली प्रतिभाओं को न केवल अंतरिक्ष लैब की विजिट कराएंगे बल्कि स्पेस के रहस्यों से भी रुबरू करवाएंगे। इसके लिए इसरो की ओर से आवास, भोजन और पाठ्य सामग्री भी नि:शुल्क उपलब्ध करवाई जाएगी। दरअसल, स्कूली प्रतिभाओं में अंतिरिक्ष विज्ञान की रुचि पैदा करने और स्पेस के प्रति जागरूक करने के लिए युविका प्रोग्राम चलाया जाता है। युवा वैज्ञानिक कार्यक्रम आगामी 15 से 26 मई के बीच आयोजित किया जाएगा। जिसमें शामिल होने के लिए विद्यार्थियों को रजिस्ट्रेशन करवाना होगा। रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया सोमवार से शुरू होगी, जो 3 अप्रेल तक जारी रहेगी। खास बात यह है कि रजिस्ट्रेशन एवं 2 सप्ताह का रेजिडेंशियल वर्कशॉप पूरी तरह से नि:शुल्क रखा गया है।

प्रत्येक राज्य से तीन स्टूडेंट्स होंगे चयनित

देव शर्मा ने बताया कि युवा वैज्ञानिक कार्यक्रम-युविका के लिए केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, राज्य माध्यमिक शिक्षा बोर्ड तथा अन्य मान्यता प्राप्त विद्यालयों के कक्षा 9 में अध्ययनरत विद्यार्थी पात्र हैं। प्रोग्राम में सम्मलित होने के लिए आवेदन आॅनलाइन करने होंगे। आवेदन में की गई प्रविष्टियों के अनुसार विद्यार्थी की शैक्षणिक एवं गैर शैक्षणिक गतिविधियां तथा ग्रामीण क्षेत्र से संबंध को ध्यान में रखकर वरीयता सूची तैयार की जाएगी। प्रथम वरीयता सूची 10 अप्रेल तथा द्वितीय सूची 20 अप्रेल को जारी की जाएगी। प्रत्येक राज्य एवं संघ शासित प्रदेश से मात्र तीन-तीन विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। प्रवासी भारतीय नागरिकों के लिए भी 5 सीटें अतिरिक्त रखी गई है।

क्या है इसरो का युवा वैज्ञानिक कार्यक्रम

एजुकेशन एक्सपर्ट देव शर्मा ने बताया कि युवा वैज्ञानिक कार्यक्रम का आयोजन भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान विभाग इसरो द्वारा वर्ष 2019 में शुरू किया गया था। जिसका मूल उद्देश्य स्कूली युवा विद्यार्थियों में अंतरिक्ष विज्ञान एवं अनुसंधान के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना है। यह कार्यक्रम ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान किया जाता है। इस वर्ष यह कार्यक्रम 15 मई से 26 मई के बीच आयोजित किया जाएगा।

चयनित विद्यार्थियों का रहना-खाना फ्री

इसरो द्वारा जारी की गई सूचना के अनुसार चयनित विद्यार्थियों को 15 से 26 मई के बीच अहमदाबाद, बेंगलुरु, देहरादून श्रीहरिकोटा, हैदराबाद, शिलांग एवं तिरुवनंतपुरम में से किसी एक केंद्र पर रिपोर्ट करना होगा। चयनित विद्यार्थियों के लिए पाठ्य सामग्री,आवास एवं भोजन की व्यवस्था इसरो द्वारा निशुल्क की जाएगी।

इसरो वैज्ञानिक अंतरिक्ष लैब की करवाएंगे विजिट

शर्मा के मुताबिक, चयनित विद्यार्थियों को अंतरिक्ष प्रयोगशाला में भ्रमण की सुविधा प्रदान की जाएगी। वरिष्ठ अंतरिक्ष वैज्ञानिक विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव तो साझा करेंगे ही साथ ही कई विषयों पर व्याख्यान भी देंगे। अंतरिक्ष विज्ञान से जुड़ी रहस्यमय व रोचक तत्थों की जानकारी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि संपूर्ण कार्यक्रम का मूल उद्देश्य स्कूली प्रतिभाओं में अंतरिक्ष विज्ञान,अनुसंधान एवं प्रौद्योगिकी के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना है ताकि देश को भविष्य में वैज्ञानिक प्रतिभाएं प्राप्त हो सके।

Next Story