
यूपी। फिरोजाबाद के थाना नगला सिंघी क्षेत्र में जमीन के विवाद में सरेशाम पूर्व प्रधान एवं उसके बेटे की खेत पर फावड़े से प्रहार कर हत्या कर दी। दोनों बीते दिनों हुए बंटवारे के बाद में अपना खेत जुतवाने आए थे। तभी विपक्षी साथियों संग पहुंचे और हमला बोल दिया। एसएसपी सौरभ दीक्षित ने मौके पर जाकर पूरे मामले की जानकारी ली। गांव में तनाव पर पुलिस तैनात कर दी है। हत्यारोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम लगा दी गई हैं।
घटना रविवार शाम साढ़े चार बजे की है। प्रेमपुर निवासी पूर्व प्रधान 55 वर्षीय अरविंद कुमार यादव पुत्र नरेंद्र सिंह खेत को ट्रैक्टर से जुतवा रहे थे। इस दौरान उनका बेटा नितिन भी उनके साथ था। बताया जाता है कि जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा है, जिस पर एसडीएम ने पिछले दिनों अरविंद के पक्ष में नापजोख कराई थी। पुलिस ने कब्जा दिलवाया था।
आरोप है कि इसी दौरान गांव का हुब्बलाल पुत्र स्वर्गीय साहब सिंह यादव साथियों के साथ वहां पहुंचा। खेत जुतवा रहे पिता-पुत्र पर फावड़े से हमला बोल दिया। इससे पिता एवं पुत्र खेत में ही गिर गए। वारदात के बाद हमलावर फरार हो गए। अन्य लोगों के साथ परिजन भी वहां पहुंच गए। घायल पिता-पुत्र ने कुछ देर में मौके पर दम तोड़ दिया। सूचना पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। जानकारी मिलने पर एसएसपी सौरभ दीक्षित भी पहुंच गए। उन्होंने लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को जिला अस्पताल भिजवाया है।
मृतक अरविंद यादव का भतीजा इसरो में वैज्ञानिक है। डीआईजीआगरा रेंज शैलेश पांडेय भी जानकारी मिलने पर गांव पहुंचे उन्होंने मामले की जानकारी ली। एसएसपी और थाना पुलिस को जरूरी कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। परिवार की क्षेत्र में अच्छी पहचान है तथा परिवार को पढ़े-लिखे परिवार के रूप में जाना जाता है। घटना के बाद आसपास के गांवों से भी कई लोग मौके पर पहुंच गए। हर कोई सरेशाम घटी घटना से हैरत में था। गांव में तनाव है।





