IPS केके बिश्नोई और अंशिका वर्मा पति-पत्नी हुए, शादी संपन्न

जोधपुर। शाही ठाठ-बाट और ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच दो आईपीएस की ऐसी शादी संपन्न हुई, जिसने प्रशासनिक गलियारों से लेकर सोशल मीडिया तक हर जगह सुर्खियां बटोरीं. संभल के एसपी आईपीएस केके बिश्नोई और बरेली की एएसपी अंशिका वर्मा ने पूरे पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सात फेरे लेकर अपने रिश्ते को नया नाम दिया. इस शादी की सबसे ज्यादा चर्चा जिस बात को लेकर हुई, वह है दूल्हे का अंदाज. केके बिश्नोई पहले पारंपरिक तरीके से घोड़ी पर सवार होकर बारात में निकले, घोड़ी पर बैठने के कुछ ही देर बाद वे एक लग्जरी रेंज रोवर में बैठे नजर आए. इस गाड़ी का नंबर UP 53 FA 0009 था, जो गोरखपुर के 'पांडे जी' के नाम पर रजिस्टर्ड है. यह संयोग ही था या कोई खास कनेक्शन यह सवाल लोगों के बीच सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया. क्योंकि खास बात यह भी है कि दोनों अफसरों की पोस्टिंग कभी गोरखपुर में रही थी, और वहीं से उनकी प्रेम कहानी ने रफ्तार पकड़ी थी.
आईपीएस केके बिश्नोई और एएसपी अंशिका वर्मा की मुलाकात और नजदीकियां गोरखपुर में ही बढ़ीं. दोनों अपने-अपने दायित्वों में व्यस्त रहते हुए भी एक-दूसरे के करीब आए. सरकारी सेवा की सख्त दिनचर्या के बीच पनपा यह रिश्ता धीरे-धीरे मजबूत होता गया. समय के साथ दोनों ने यह तय किया कि वे इस रिश्ते को एक नया मुकाम देंगे और शादी के बंधन में बंधेंगे. गोरखपुर कनेक्शन के चलते ही इस शादी में कई ऐसे संकेत देखने को मिले, जो इस शहर से जुड़े हुए थे. रेंज रोवर का गोरखपुर में रजिस्टर्ड होना भी इसी कड़ी का हिस्सा माना जा रहा है. यही वजह है कि इस शादी में गोरखपुर का जिक्र बार-बार सामने आता रहा.
रविवार को बारात बाड़मेर से जोधपुर के लिए रवाना हुई. दोपहर करीब सवा 11 बजे बारात ने जोधपुर के मशहूर ‘अजीत पैलेस’ में प्रवेश किया, जहां शादी की मुख्य रस्में पूरी हुईं. शाही माहौल, भव्य सजावट और पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच दोनों ने सात फेरे लिए और एक-दूसरे के साथ जीवनभर साथ निभाने का वादा किया. शादी में हर रस्म को पूरे विधि-विधान के साथ निभाया गया. मंडप की सजावट से लेकर मेहमानों के स्वागत तक हर चीज में शाही अंदाज झलक रहा था. इस दौरान प्रशासनिक सेवा के कई अधिकारी और परिवार के करीबी लोग मौजूद रहे.
शादी की शुरुआत राजस्थान के बाड़मेर स्थित ‘कृष्ण निवास’ से हुई, जहां शनिवार रात ‘बारात सभा’ का आयोजन किया गया. इस मौके पर केके बिश्नोई पूरी तरह राजस्थानी रंग में रंगे नजर आए. उन्होंने जोधपुरी सूट, पारंपरिक पगड़ी और हाथ में कृपाण धारण कर शाही अंदाज में एंट्री की. काले चश्मे के साथ उनका लुक किसी फिल्मी हीरो से कम नहीं लग रहा था. बारात सभा के दौरान माहौल पूरी तरह उत्सव में डूबा हुआ था. ढोल-नगाड़ों की थाप पर बाराती झूमते नजर आए, वहीं स्थानीय लोग भी बड़ी संख्या में इस आयोजन का हिस्सा बने. बाड़मेर के लोगों के लिए यह सिर्फ एक शादी नहीं, बल्कि एक यादगार आयोजन बन गया, जिसमें प्रशासनिक जगत के चर्चित चेहरे शामिल थे.
IPS केके बिश्नोई–अंशिका वर्मा ने एक-दूसरे को पहनाई जयमाला, ‘ओ री सखी मंगल गाओ री’ पर सजा माहौल।
— Roshan Kumar Journalist (@cameraman_r) March 29, 2026
जयमाला के दौरान केके बिश्नोई और अंशिका वर्मा का खास पल, कैलाश खेर के गाने से गूंजा समारोह।#KKBishnoiWedding#AnshikaVerma#JaimalaCeremony#WeddingMoments#OReSakhiMangalGaoRi… pic.twitter.com/r70M8np3Wn





