भारत

पूर्व विधायक के आरोपों के बाद हिमाचल से बाहर करवाई जांच

Shantanu Roy
11 Jun 2026 4:20 PM IST
पूर्व विधायक के आरोपों के बाद हिमाचल से बाहर करवाई जांच
x
Kangra. कांगड़ा। हिमाचल की राजनीति में पिछले कुछ दिनों से कांग्रेस के पूर्व विधायक नीरज भारती और एचआरटीसी के उपाध्यक्ष अजय वर्मा के बीच चल रहा विवाद चर्चा का विषय बना हुआ है। दोनों नेताओं के बीच एक-दूसरे पर लगाए गए आरोपों और बयानों के बाद मामला डोप टेस्ट तक पहुंच गया। विवाद की शुरुआत उस समय हुई जब नीरज भारती ने अजय वर्मा पर कुछ गंभीर आरोप लगाए और उन्हें डोप टेस्ट करवाने की चुनौती दी। चुनौती स्वीकार करते हुए अजय वर्मा ने सार्वजनिक रूप से घोषणा की कि वह चंडीगढ़ में अपना
डोप टेस्ट करवाएंगे।


उन्होंने कहा था कि वह किसी भी जांच से पीछे हटने वाले नहीं हैं और जनता के सामने सच्चाई लाने के लिए हर कदम उठाने को तैयार हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अजय वर्मा चंडीगढ़ पहुंचे। इस बीच नीरज भारती भी चंडीगढ़ पहुंचे और दोनों नेताओं ने एक साथ डोप टेस्ट की प्रक्रिया पूरी की। दोनों नेताओं ने न केवल जांच प्रक्रिया में सहयोग किया बल्कि आपसी बातचीत के माध्यम से लंबे समय से चले आ रहे गिले-शिकवे भी दूर किए। नीरज भारती ने इस अवसर पर कहा कि राजनीति में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन व्यक्तिगत रिश्ते और सामाजिक सौहार्द सबसे ऊपर होने चाहिए। उन्होंने अजय वर्मा को अपना बड़ा भाई बताते हुए कहा कि कई बातों को लेकर गलतफहमियां पैदा हो गई थीं, जिन्हें बातचीत के माध्यम से दूर कर लिया गया है। अजय वर्मा ने भी कहा कि राजनीतिक जीवन में विचारों का टकराव स्वाभाविक है, लेकिन इसका असर व्यक्तिगत संबंधों पर नहीं पडऩा चाहिए।
Next Story