भारत

जम्मू-कश्मीर में रेल परियोजनाओं का निरीक्षण, चिनाब ब्रिज पहुंचे रेल राज्य मंत्री

jantaserishta.com
3 Oct 2026 2:55 PM IST
जम्मू-कश्मीर में रेल परियोजनाओं का निरीक्षण, चिनाब ब्रिज पहुंचे रेल राज्य मंत्री
x
नई दिल्ली: केंद्रीय रेल राज्य मंत्री वी. सोमन्ना शुक्रवार को तीन दिवसीय जम्मू-कश्मीर दौरे पर जम्मू पहुंचे। उन्होंने जम्मू रेलवे स्टेशन पर यात्रियों से बातचीत कर उन्हें मिल रही सुविधाओं और हाल में हुए विकास कार्यों की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने यूएसबीआरएल सेक्शन का निरीक्षण किया और चिनाब ब्रिज व बक्कल रेलवे स्टेशन का दौरा किया। मंत्री ने कहा कि जम्मू से जल्द अमृत भारत ट्रेन चलाने की तैयारी है और राजोरी-पुंछ तक रेल पहुंचाने की परियोजना की डीपीआर तैयार होने की प्रक्रिया महत्वपूर्ण चरण में है।
जम्मू रेलवे स्टेशन पर यात्रियों से की बातचीत
रेल राज्य मंत्री वी. सोमन्ना शुक्रवार को करीब 12:30 बजे जम्मू रेलवे स्टेशन पहुंचे। स्टेशन पर उन्होंने यात्रियों से सीधे बातचीत की और उनसे वहां मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। मंत्री ने यात्रियों से स्टेशन पर हाल में किए गए विकास कार्यों और शुरू की गई नई सुविधाओं को लेकर भी जानकारी ली। इस दौरान यात्रियों ने स्टेशन से जुड़े अपने अनुभव उनके साथ साझा किए।
यात्रियों से बातचीत के बाद सोमन्ना जम्मू रेलवे स्टेशन से कटड़ा-रियासी होते हुए उधमपुर-श्रीनगर-बारामुला रेल लिंक यानी यूएसबीआरएल सेक्शन के निरीक्षण के लिए रवाना हुए।
चिनाब ब्रिज और बक्कल स्टेशन का किया निरीक्षण
दौरे के दौरान रेल राज्य मंत्री ने चिनाब ब्रिज और बक्कल रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। चिनाब ब्रिज के पास उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक भी की और रेल परियोजना से जुड़े कार्यों की प्रगति के बारे में भी जानकारी ली।
इस दौरान रियासी के विधायक कुलदीप राज दुबे और भाजपा जिला अध्यक्ष रोहित दुबे भी मौजूद रहे। निरीक्षण के बाद मंत्री शाम को कटड़ा पहुंचे। दौरे के दूसरे दिन शनिवार को वी. सोमन्ना कटड़ा से श्री माता वैष्णो देवी भवन जाएंगे। वहां दर्शन करने के बाद वह श्रीनगर के लिए रवाना होंगे।
जम्मू से जल्द चलेगी अमृत भारत ट्रेन
चिनाब ब्रिज के निरीक्षण के दौरान रेल राज्य मंत्री ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में रेल संपर्क को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज हुई है। उन्होंने बताया कि श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा से बनिहाल के बीच 111 किलोमीटर लंबे रेलखंड पर ट्रेनों की गति बढ़ाकर 100 किलोमीटर प्रति घंटा कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जम्मू से जल्द ही अमृत भारत ट्रेन चलेगी।
सोमन्ना ने कहा कि रेलवे ने आधुनिक तकनीक और सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए आधारभूत ढांचा तैयार किया है। उन्होंने यह भी बताया कि जम्मू मंडल में चार वंदे भारत ट्रेनें चल रही हैं और यह मंडल देश के महत्वपूर्ण रेल मंडलों में शामिल है। आने वाले समय में रेल सेवाओं का और विस्तार किया जाएगा।
राजोरी-पुंछ तक रेल पहुंचाने की तैयारी
रेल राज्य मंत्री ने राजोरी और पुंछ को रेल नेटवर्क से जोड़ने की तैयारी को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बॉर्डर क्षेत्र राजोरी-पुंछ तक रेल पहुंचाने का सपना जल्द साकार होगा। उन्होंने बताया कि इस परियोजना की डीपीआर तैयार होने की प्रक्रिया महत्वपूर्ण चरण में है। उनके अनुसार, रेल संपर्क बढ़ने से इन पहाड़ी और सीमावर्ती क्षेत्रों में आवागमन के साथ पर्यटन, व्यापार तथा आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
मंत्री ने कहा कि कश्मीर घाटी तक आधुनिक रेल सेवा पहुंचने से धार्मिक और पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल रहा है।
चार अक्तूबर को श्रीनगर स्टेशन का निरीक्षण
दौरे के तीसरे दिन यानी 4 अक्तूबर को सोमन्ना श्रीनगर से अनंतनाग जिले के उमा मंदिर में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इसके बाद वह श्रीनगर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान रेलवे अधिकारियों के साथ बैठक भी प्रस्तावित है। कार्यक्रम पूरा होने के बाद वह शाम को दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story