भारत
रूस-यूक्रेन जंग में भारतीय फार्मा कंपनी विवाद, रूस ने आरोपों से झाड़ा पल्ला
Shantanu Roy
17 April 2025 10:30 PM IST

x
बड़ी खबर
New Delhi. नई दिल्ली। रूस ने यूक्रेन द्वारा लगाए गए उस आरोप को सिरे से खारिज कर दिया है, जिसमें कहा गया था कि रूसी मिसाइल ने कीव में भारतीय फार्मा कंपनी कुसुम हेल्थकेयर के गोदाम को निशाना बनाया. रूस का कहना है कि ये हमला उसकी सेना द्वारा नहीं किया गया था, बल्कि यूक्रेनी वायु रक्षा प्रणाली की मिसाइल गिरने से यह नुकसान हुआ. रूसी दूतावास ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि 12 अप्रैल 2025 को रूस ने कीव के पूर्वी हिस्से में स्थित कुसुम हेल्थकेयर के फार्मा गोदाम पर कोई हमला नहीं किया था और न ही ऐसा कोई इरादा था.
इससे पहले यूक्रेन के भारत में स्थित दूतावास ने सोशल मीडिया पर दावा किया था कि रूसी मिसाइल ने भारतीय कंपनी के गोदाम को तबाह कर दिया. एक पोस्ट में उन्होंने लिखा कि रूस की मिसाइल ने यूक्रेन में भारतीय फार्मा कंपनी कुसुम के गोदाम को निशाना बनाया. मॉस्को एक ओर भारत से 'विशेष मित्रता' का दावा करता है, तो दूसरी ओर जानबूझकर भारतीय व्यापारिक संस्थानों पर हमला करता है, बच्चों और बुज़ुर्गों के लिए दवाइयों को नष्ट कर देता है.
हालांकि रूस ने इस आरोप को खारिज करते हुए कहा कि उनकी सेना ने उस दिन यूक्रेन के सैन्य ठिकानों, जैसे विमानन प्लांट, सैन्य हवाई अड्डा, बख्तरबंद वाहन मरम्मत कार्यशालाएं और ड्रोन असेंबली यूनिट्स को निशाना बनाया था, जो कीव से अलग स्थान पर स्थित हैं.रूसी दूतावास ने कहा कि सबसे संभावित कारण यह हो सकता है कि यूक्रेनी वायु रक्षा प्रणाली से दागी गई कोई मिसाइल गलती से कुसुम हेल्थकेयर के गोदाम पर गिर गई हो और वहां आग लग गई हो.
रूस ने ये भी आरोप लगाया कि यूक्रेनी सेना अक्सर शहरी इलाकों में अपने डिफेंस सिस्टम तैनात करती है, जिससे ऐसे हादसे होते हैं. साथ ही कहा कि यह पहली बार नहीं है, पहले भी यूक्रेन की वायु रक्षा मिसाइलें लक्ष्यों से भटककर नागरिक क्षेत्रों में गिरी हैं. हालांकि ब्रिटेन के यूक्रेन में राजदूत मार्टिन हैरिस ने भी इस हमले पर टिप्पणी की थी, जिसमें उन्होंने कहा था कि रूसी ड्रोन हमलों में कीव में एक प्रमुख फार्मा गोदाम तबाह हुआ है. उन्होंने कंपनी का नाम नहीं लिया था. रूस ने दोहराया कि उसकी सेनाएं 'विशेष सैन्य अभियान' के दौरान कभी भी नागरिक ढांचे को निशाना नहीं बनातीं, और आरोप लगाया कि यूक्रेनी सेना जानबूझकर नागरिकों का मानव ढाल के रूप में उपयोग करती है.
Tagsजनता से रिश्ता न्यूज़जनता से रिश्ताआज की ताजा न्यूज़हिंन्दी न्यूज़भारत न्यूज़खबरों का सिलसिलाआज की ब्रेंकिग न्यूज़आज की बड़ी खबरमिड डे अख़बारहिंन्दी समाचारजनताJanta Se Rishta NewsJanta Se RishtaToday's Latest NewsHindi NewsIndia NewsKhabron Ka SilsilaToday's Breaking NewsToday's Big NewsMid Day Newspaperjantasamachar newssamacharHindi news
Next Story





