भारत

भारतीय नौसेना ने पकड़ी 3 हजार करोड़ की ड्रग्स, अरब सागर में एक नौका से हेरोइन बरामद

Khushboo Dhruw
19 April 2021 3:29 PM GMT
भारतीय नौसेना ने पकड़ी 3 हजार करोड़ की ड्रग्स, अरब सागर में एक नौका से हेरोइन बरामद
x
भारतीय नौसेना ने अरब सागर में गश्ती करने के दौरान एक मछली पकड़ने वाले जहाज से 3,000 करोड़ रुपये का नशीला पदार्थ जब्त किया है।

भारतीय नौसेना ने अरब सागर में गश्ती करने के दौरान एक मछली पकड़ने वाले जहाज से 3,000 करोड़ रुपये का नशीला पदार्थ जब्त किया है। यह कार्रवाई भारतीय नौसेना के जहाज सुवर्णा की टीम ने की है। भारतीय नौसेना ने मछली पकड़ने वाले जहाज से करीब 300 किलो अवैध ड्रग्स बरामद किया है.

रक्षा मंत्रालय के द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार भारतीय नौसेना का जहाज 'सुवर्णा' अरब सागर में निगरानी गश्त पर था। इसी दौरान नौसेना की टीम का सामना एक मछली पकड़ने वाले जहाज से हुआ जो संदिग्ध स्थिति में वहां से गुजर रहा था। जिसके बाद नौसेना के जवानों ने जहाज की तलाशी लेनी शुरू कर दी। तलाशी के दौरान नौसैनिकों ने 300 किलोग्राम से अधिक नशीला पदार्थ जब्त किया। जिसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 3000 हजार करोड़ रुपए आंकी जा रही है।
नौ सेना की जानकारी के अनुसार मछली पकड़ने वाले जहाज के चालक समेत सभी सदस्यों को कोच्चि ले जाया गया है। जहां आगे की पूछताछ की जा रही है। कहा जा रहा है कि पिछले कुछ समय में नौसेना को मिली यह यह एक बड़ी कामयाबी है जब इतनी बड़ी मात्रा में नशीली पदार्थ जब्त की गई हो। हालांकि नौसेना ने यह जानकारी नहीं दी है कि मछली पकड़ने वाले जहाज से इतने बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ की जब्ती किस स्थान और किस समय की गई है।
नौसेना प्रवक्ता के अनुसार यह कार्रवाई बहुत ही अहम है। क्योंकि अवैध पदार्थों की तस्करी मकरान तट से शुरू होकर भारतीय, मालदीव और श्रीलंका की ओर जाता है। अरब सागर की जरिए काफी लंबे समय से अवैध पदार्थों की तस्करी की जाती रही है। पिछले दिनों गुजरात पुलिस की आतंकवाद निरोधक शाखा और भारतीय तटरक्षक दल ने साथ मिलकर अरब सागर में एक नाव से नौ पाकिस्तानी तस्करों को पकड़ कर उनके कब्जे से लगभग 150 करोड़ रुपए मूल्य की हेरोइन बरामद की थी।
इसके अलावा मार्च महीने में भारतीय तटरक्षक सेना ने अरब सागर के लक्षद्वीप के पास से तकरीबन 3 हजार करोड़ के ड्रग्स, 5 एके-47 और एक हजार जिंदा कारतूस बरामद किए थे। भारतीय तटरक्षक बल को इस दौरान करीब 300 किलोग्राम हेरोइन मिली थी। इस दौरान नाव में सवार 19 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया था।


Next Story