भारत

इंडिया फ्रोजन फूड कंपनी आईटी की रडार में, चल रही छापेमारी

Nilmani Pal
14 Oct 2025 6:55 AM IST
इंडिया फ्रोजन फूड कंपनी आईटी की रडार में, चल रही छापेमारी
x
पढ़े पूरी खबर

यूपी। देश की बड़ी मीट निर्यातक कंपनियों में शामिल इंडिया फ्रोजन फूड कंपनी पर आयकर विभाग ने सोमवार सुबह एक बड़ी कार्रवाई की। चिमियावली गांव स्थित कंपनी मुख्यालय, संचालक हाजी इमरान कुरैशी, इरफान कुरैशी के सरायतरीन मोहल्ला भूड़ा स्थित आवास और उनके एकाउंटेंट के चमन सराय स्थित घर व एक रिश्तेदार के घर पर एक साथ छापेमारी की गई। कार्रवाई सुबह से शुरू होकर पूरे दिन जारी रही। कंपनी का सालाना कारोबार लगभग 1000 करोड़ रुपये का बताया जाता है। बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी की शिकायतों के बाद आयकर विभाग की जांच टीम कई दिनों से सुराग जुटा रही थी।

सरायतरीन मोहल्ला भूड़ा निवासी हाजी इमरान कुरैशी की चिमियावली गांव में इंडिया फ्रोजन फूड के नाम से मीट फैक्ट्री है। मियावली में दो और फैक्ट्री हैं, जो मानकों की अनुपालन में कमी के कारण बंद हैं। सूत्रों के अनुसार, कंपनी पर टैक्स चोरी और अनुमति से अधिक पशुओं के कटान की शिकायतें शासन स्तर पर दर्ज कराई गई थीं। सुबह पांच बजे टीम चिमियावली स्थित मीट फैक्ट्री पहुंची। इसी दौरान दूसरी टीमें हाजी इमरान कुरैशी के घर और उनके एकाउंटेंट के घर पर पहुंची। सभी जगह एक साथ कार्रवाई शुरू की गई। चमन सराय में लगभग दो घंटे तक छापेमारी चली, जबकि फैक्ट्री और कुरैशी के घर पर कार्रवाई देर शाम तक जारी रही। दोनों स्थानों पर पर्याप्त पीएसी बल तैनात किया गया, और लोगों व मीडिया को दूरी बनाए रखने के लिए रोका गया।

सूत्रों के अनुसार, कार्रवाई केवल संभल तक सीमित नहीं है। बरेली, मुरादाबाद, दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद सहित उत्तर भारत के 25 से अधिक ठिकानों पर यह छापेमारी चल रही है। आयकर विभाग लखनऊ की टीम पूरे अभियान का नेतृत्व कर रही है, जिसमें ईडी और पीएसी बल भी शामिल हैं। टीम ने बड़ी मात्रा में दस्तावेज, डायरियां, कंप्यूटर, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं। इनके माध्यम से कंपनी की वित्तीय अनियमितताओं और कालेधन से जुड़े अहम राज सामने आने की संभावना है।

Next Story
null