भारत

CA के घर आयकर विभाग ने मारी रेड, एफडी और बैंक लॉकर की जांच

Nil dhankar
16 July 2025 7:26 AM IST
CA के घर आयकर विभाग ने मारी रेड, एफडी और बैंक लॉकर की जांच
x
पढ़े पूरी खबर

मेरठ। राजनीतिक चंदे, ट्यूशन फीस और मेडिकल खर्च जैसी अलग-अलग मदों में झूठी कर कटौती दिखाकर आयकर रिटर्न में छूट का दावे करने के मामले में आयकर विभाग ने छापेमारी की है। मेरठ के टीपीनगर थाना क्षेत्र में एक नामी सीए निखिल गुप्ता के घर और ऑफिस समेत देशभर में 150 से अधिक स्थानों पर टीम ने छापेमारी की। छापेमारी के दौरान आयकर टीम ने डिजिटल रिकॉर्ड के साथ ही कई अहम दस्तावेज जब्त किए।

अधिकारियों ने निखिल के ऑफिस और आवास पर उनकी एफडी से जुड़े दस्तावेजों और बैंक लॉकर की जांच की। उनके साथ कार्य करने वाली ज्योति के बारे में भी जानकारी जुटाई। निखिल के भाई कंपनी सेक्रेटरी प्रियम और उनकी पत्नी सीए शशि से पूछताछ की। सूत्रों के अनुसार यह रेड पिछले तीन महीने से चल रही जांच का हिस्सा थी। निखिल द्वारा एक साल में 2,000 आयकर रिटर्न दाखिल करने की गतिविधियों पर यह कार्रवाई आधारित थी। विभाग को संदेह था कि निखिल ने फॉर्म 24 के तहत कई लोगों को 70 प्रतिशत तक रिफंड दिलाने में अनियमितता बरती।

सीए निखिल गुप्ता के घर-ऑफिस पर जांच का सिलसिला करीब 30 घंटे चला। कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह छह बजे से आयकर टीम ने कार्रवाई शुरू की। टीम ने पूर्व में चल रही करदाता की जांच के सिलसिले में दस्तावेज खंगाले। आयकर टीम प्रारंभिक जांच कर मंगलवार दोपहर वापस चली गई। मंगलवार को टीम ने बैंक में लॉकर की भी जांच की। फिलहाल टीम सीए निखिल गुप्ता का बयान रिकॉर्ड कर और जांच से संबंधित कागजात लेकर चली गई है। अभी जांच का सिलसिला जारी रहेगा। सीए निखिल गुप्ता के परिजनों का कहना है कि उन्होंने किसी भी प्रकार की गलती नहीं की है। उनके किसी भी कागजात पर आपत्ति योग्य कोई तथ्य नहीं है। जबरदस्ती परेशान कर फंसाया जा रहा है। फिलहाल जांच मेरठ इनकम टैक्स टीम के विशेष दल द्वारा की जा रही है। सीए निखिल गुप्ता के समर्थन में मेरठ के 50 से ज्यादा सीए उनके ऑफिस पर सुबह से शाम तक कार्रवाई के दौरान मौजूद रहे।

Next Story
null