भारत

नाको में 43 लाख के कला मंच का लोकार्पण

Shantanu Roy
18 Jun 2026 5:42 PM IST
नाको में 43 लाख के कला मंच का लोकार्पण
x
Reckong Peo. रिकांगपिओ। राजस्व, बागबानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने नाको में 43 लाख रुपए की लागत से निर्मित कला मंच का लोकार्पण किया। इसके बाद उन्होंने ग्राम पंचायत हांगो, नमज्ञा, चुलिंग, शलखर, सुमरा, चागों, लियो, मालिंग और नाको के लिए आयोजित ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम की अध्यक्षता की। जगत सिंह नेगी ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को घर-द्वार पर जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम चला रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में जनजातीय क्षेत्रों के विकास के लिए निरंतर
कार्य किए जा रहे हैं।


उन्होंने बताया कि हंगरंग घाटी में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा दिया जा रहा है तथा यहां मिनी स्टेडियम का निर्माण भी किया जाएगा, जिससे युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे। शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कानम को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड पद्धति के अंतर्गत लाया गया है, जबकि अगले शैक्षणिक सत्र से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पूह में भी पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम में शिक्षा आरंभ की जाएगी। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों का अवलोकन किया गया। ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम में 20 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें अधिकांश का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया। इस अवसर पर मंत्री ने नशा मुक्त अभियान के तहत रैली को हरी झंडी दिखाने के साथ का-डोगरी में निर्मित पंप का भी लोकार्पण किया।
Next Story