
x
ऊना। प्रचंड गर्मी का प्रकोप झेल रहे जिला के लोगों को सुबह-सवेरे से ही सूर्यदेव के भयंकर प्रकोप का सामना करना पड़ रहा है। शुक्रवार को जिला ऊना का अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया तो न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालात ऐसे हो गए हैं कि लोगों को जहां दिन के समय प्रचंड गर्मी के कारण भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है तो रात के समय भी न्यूनतम पारे के बढऩे से लोगों को मुश्किलों से दो-चार होना पड़ रहा है। अगर रात को कुछ समय के लिए भी बिजली चली जाती है तो लोगों की जान गर्म रातों के कारण हलक में आकर फंस जाती है।
क्षेत्रीय अस्पताल ऊना से लेकर जिला के अन्य सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों के आपातकालीन कक्ष डायरिया व गर्मी के कारण विभिन्न बीमारियों की चपेट में आए लोगों से भरे हुए हैं। मौसम विभाग के अनुसार जिला ऊना में 15 जून से मानसून दस्तक दे देंगे, लेकिन उसके बाद उमस भरी गर्मी से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। इन दिनों गर्मी से राहत पाने के लिए लोग नारियल पानी का सेवन कर रहे हैं, लेकिन अब नारियल पानी के मूल्य में भी 10 रुपये प्रति नारियल के हिसाब से बढ़ोतरी हो गई है। पहले जिला ऊना में ज्यादातर स्थानों पर नारियल पानी 60 रुपये प्रति एक पीस बिकता था, लेकिन अब 10 रुपये की वृद्धि के साथ 70 रुपये प्रति नारियल हो गया है। वहीं, शहर ऊना के लोगों में अक्षय कुमार, महेश कुमार, विशाल, अजय शर्मा, रूही शर्मा, राज कुमार, विपन कुमार, दया, राहुल शर्मा, रमन कुमार, विकास, सौरव आदि ने कहा कि दिन-प्रतिदिन बढ़ रही गर्मी मानव जीवन के लिए खतरा बन रही है। लोग गर्मी के कारण विभिन्न बिमारियों की चपेट में आ रहे हैं। लोगों को गर्मी से बचने के लिए अपने स्तर पर पर्याप्त ठोस कदम उठाने चाहिए।
Next Story





