भारत

चड़ेच गांव में मामूली कहासुनी पर बेटे ने मौत के घाट उतारी

Shantanu Roy
19 Aug 2025 4:36 PM IST
चड़ेच गांव में मामूली कहासुनी पर बेटे ने मौत के घाट उतारी
x
Appreciate. सराहां। जिला सिरमौर के पच्छाद उपमंडल की ग्राम पंचायत सराहां के चड़ेच गांव में नशेड़ी बेटे ने अपनी मां का गला दबाकर हत्या कर दी। यह मामला शनिवार देर रात का है। मृतका की पहचान 51 वर्षीय जयमंती देवी पत्नी लच्छी कुमार के रूप में हुई है। सोमवार को फिल्मी स्टाइल में आरोपी बेटा पुष्प कुमार पुलिस थाना में अपनी मां की लापता होने की शिकायत दर्ज करवाने भी पहुंचा। आरोपी पर पंचायत के लोगों, आरोपी की बहन तथा पुलिस वालों को पहले ही शक हो गया कि इसने ही अपनी मां की हत्या की होगी। पुलिस थाना पच्छाद से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को दिए बयान में आरोपी की बहन ने बताया कि शनिवार शाम को उसकी अपनी मां 51 वर्षीय जयमंती देवी से फोन पर बातचीत हुई थी। रविवार को कोई बातचीत नहीं हुई तथा सोमवार को भी नहीं हुई तो उसने बार-बार अपने भाई को मां के बारे में पूछा तो उसने कोई
जवाब नहीं दिया।

तब उसने भाई से कहा कि वह मां के लापता होने की शिकायत दर्ज करवाए। पुलिस से जानकारी मिली है कि आरोपी पुष्प कुमार के खिलाफ पहले भी परिजनों के साथ मारपीट करने का मामला दर्ज है। दो महीने पहले आरोपी के पिता की भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो चुकी है। पुष्प कुमार पिछले कई वर्षों से नशे का आदी है। शनिवार को घर में उसकी किसी बात को लेकर मां से कहासुनी हो गई, जिसके बाद आवेश में आकर किसी लोहे की वस्तु से मां के सिर, हाथ व अन्य शरीर पर कई हमले किए। उसके बाद गला दबाकर मां की हत्या कर दी। बारिश तथा अंधेरे का फायदा उठाकर मां की लाश को घर से करीब 100 मीटर दूर खेत में दबा दिया। पुलिस ने सोमवार शाम को मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा। डीएसपी राजगढ़ वीसी नेगी ने बताया कि आरोपी पुष्प कुमार पर अपनी मां की हत्या करने का मामला दर्ज कर लिया गया है।
Next Story