भारत

भेड़ों से आदि बद्री सड़क मार्ग पर वन विभाग व निजी भूमि में हो रहा अवैध खनन

Shantanu Roy
18 Jun 2026 4:15 PM IST
भेड़ों से आदि बद्री सड़क मार्ग पर वन विभाग व निजी भूमि में हो रहा अवैध खनन
x
Nahan. नाहन। सिरमौर जिला के विकासखंड नाहन के अंतर्गत भेडों से हरियाणा के आदि बद्री को बन रहे सड़क मार्ग पर अवैध खनन का मामला सामने आया है। यह अवैध खनन जहां निजी भूमि में बिना खनन विभाग की अनुमति के किया जा रहा है तो वहीं वन विभाग की भूमि में भी संबंधित ठेकेदार द्वारा अवैध खनन को अंजाम दिया जा रहा है। हालत यह है कि प्रतिदिन अवैध खनन से सरकारी राजस्व को लाखों रुपए का नुकसान हो रहा है। जानकारी के मुताबिक भेडों से आदि बद्री के लिए करीब 6-7 किलोमीटर की सड़क मार्ग का निर्माण किया जा रहा है ।इस सड़क मार्ग का कार्य करीब 6 से 7 करोड रुपए की लागत से किया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक संबंधित ठेकेदार को टेंडर प्रक्रिया के दौरान टेंपरेरी मोबाइल क्रशर की इजाजत दी जाती है, परंतु सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस सड़क मार्ग पर सड़क निर्माण के दौरान जो पत्थर निकल रहा है वह इस्तेमाल योग्य नहीं है।

ऐसे में संबंधित ठेकेदार द्वारा आसपास की निजी व वन विभाग की भूमि से आंख बचाकर पत्थर की निकासी की जा रही है। जिससे सरकारी राजस्व को लाखों रुपए का नुकसान हो रहा है। वन विभाग द्वारा कुछ दिन पूर्व संबंधित ठेकेदार के अवैध खनन में सलिप्त होने के कारण ट्रक पकड़ा गया था जिस पर 1.93 लाख रुपए का जुर्माना भी किया गया था। ऐसे में स्थानीय लोगों ने वन विभाग व खनन विभाग से मांग की है कि भेड़ों से आदि बद्री के लिए निर्मित किया जा रहे सड़क मार्ग पर नियमों की अवहेलना कर सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। पर्यावरण प्रेमियों ने खनन विभाग,
वन विभाग
व जिला प्रशासन, पुलिस से मांग की है कि भेड़ों से आदि बद्री सड़क के निर्माण के दौरान किए जा रहे अवैध खनन कार्य पर शिकंजा कसा जाए। उधर, वन विभाग के बीओ नरेंद्र से जब बात की गई तो उन्होंने कहा कि वन विभाग की टीम हमेशा मौके के आसपास सचेत रहती है। उन्होंने कहा कि वन विभाग के फॉरेस्ट गार्ड लगातार अवैध खनन पर निगरानी रखते हैं । उन्होंने कहा कि बीते दिनों एक ट्रक को अवैध रूप से कब्जे में लिया गया था जिस पर 1.93 लाख रुपए का जुर्माना किया गया था। उन्होंने कहा कि वन विभाग के पास स्टाफ की भारी कमी है जिस कारण क्षेत्र में निगरानी रखने में कुछ परेशानियां आती है।
Next Story