
दिल्ली। मनी लॉन्ड्रिंग और टेरर फंडिंग यानी आतंकवादी फंडिंग पर लगाम लगाने वाली दुनिया की प्रमुख वैश्विक संस्था 'फाइनेंशियल एक्शन टास्क फोर्स' (FATF) में भारत का कद अब और बढ़ गया है। भारत को पहली बार FATF की उपाध्यक्षता मिली है। मध्य प्रदेश कैडर के 1994 बैच के सीनियर आईएएस अधिकारी विवेक अग्रवाल को FATF का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वर्तमान में वह केंद्रीय संस्कृति सचिव के पद पर तैनात हैं।
शुक्रवार को पेरिस स्थित FATF मुख्यालय में आयोजित पूर्ण बैठक के समापन पर यह अहम फैसला लिया गया। इस संबंध में जारी आधिकारिक बयान के मुताबिक पूर्ण बैठक में सदस्यों ने ब्रिटेन की आगामी अध्यक्षता के तहत प्राथमिकताओं को मंजूरी दी और भारत के विवेक अग्रवाल को FATF का नया उपाध्यक्ष चुना। उनका कार्यकाल जुलाई 2026 से शुरू होकर जून 2027 तक रहेगा। वह ब्रिटेन के जाइल्स थॉमसन की जगह लेंगे, जो 1 जुलाई 2025 से इस पद पर काबिज थे। आपको बता दें कि FATF के उपाध्यक्ष का चुनाव इसके सदस्यों के बीच से ही पूर्ण बैठक द्वारा किया जाता है। उपाध्यक्ष संगठन के कामकाज को दिशा देने में अध्यक्ष की मदद करता है। भारत साल 2010 से इस प्रभावशाली अंतरराष्ट्रीय संस्था का सदस्य है। विवेक अग्रवाल मध्य प्रदेश कैडर के 1994 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। वह पूर्व में FATF में भारतीय प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख रह चुके हैं और वित्तीय खुफिया इकाई (FIU) के निदेशक के रूप में भी काम कर चुके हैं।
साल 2024 में जब भारत की पिछली 'म्यूचुअल इवैल्यूएशन रिपोर्ट' प्रकाशित हुई थी, तब वह केंद्रीय वित्त मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव के पद पर तैनात थे। उस रिपोर्ट में FATF ने भारत की तारीफ करते हुए कहा था कि देश ने एंटी-मनी लॉन्ड्रिंग और काउंटर-टेररिस्ट फाइनेंसिंग (AML/CFT) का ऐसा ढांचा लागू किया है, जिसके काफी अच्छे परिणाम मिल रहे हैं।





