
यूपी। यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2024 में 22वीं रैंक लाने वाली रिया सैनी को वाराणसी में तैनाती मिली है। वह उत्तर प्रदेश के ही मुजफ्फरनगर के टांडा गांव की रहने वाली हैं। रिया सैनी पहले अटेम्प्ट में प्रीलिम्स भी पास नहीं कर पाई थीं। इसके असफलता ने रिया को गहरा झटका दिया और उन्होंने अपनी गलती पहचानी। इसके बाद दूसरे अटेम्प्ट (वर्ष 2023) में उनका नाम यूपीएससी की रिजर्व लिस्ट में आया और उका आईआरटीएस (इंडियन रेलवे ट्रैफिक सर्विस) में चयन हुआ था लेकिन वह निरंतर अपनी अच्छी रैंक के लिए तैयार करती रही। उनका टारगेट आईएएस बनना था। वह अपनी तैयारी को धार देती गई। आखिरकार यूपीएससी सीएसई 2024 में वह ऑल इंडिया 22वीं रैंक पाकर आईएएस अफसर बनने में सफल हो गईं।
रिया की सफलता की कहानी यूपीएससी अभ्यर्थियों को बताती है कि कैसे अपनी गलतियों से सीखकर बड़ी से बड़ी कामयाबी हासिल करनी चाहिए। आपको बता दें कि टॉपर शक्ति दुबे समेत यूपी को मिले 21 नए ट्रेनी आईएएस अधिकारियों में से रिया भी एक हैं। यूपीएससी पास कर बने आईएएस अधिकारी लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी, मंसूरी से प्रशिक्षण हासिल कर प्रदेश में अपनी सेवा देते हैं। कोर्स पूरा होने के बाद ये ट्रेनी अधिकारी जिलों में असिस्टेंट मजिस्ट्रेट और असिस्टेंट कलेक्टर के पद पर काम करते हैं। रिया के पिता मुकेश सैनी आईआईटी रूड़की से सिविल इंजीनियरिंग करने के बाद से मिलिट्री इंजीनयिरिंग सर्विस के तहत नई दिल्ली में डायरेक्टर हैं । माता प्रीति सैनी गृहिणी हैं।
दिल्ली की जन्मी रिया ने 10वीं पुणे से की। 12वीं जयपुर से की। रिया के 10वीं में 97.4 प्रतिशत एवं 12वीं में 90.2 प्रतिशत अंक थे। रिया ने वर्ष 2021 में बीटेक (इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन) जेपी इंस्टीट्यूट नोएडा से की। इंजीनियरिंग के चौथे वर्ष में उन्होंने यूपीएससी की तैयारी करने का मन बना लिया था ऐसे में वह प्लेसमेंट में नहीं बैठी।





