भारत

आज से हाइड्रोजन ट्रेन दौड़ेगी भारत में

Nil dhankar
17 July 2026 6:48 AM IST
आज से हाइड्रोजन ट्रेन दौड़ेगी भारत में
x

दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब के एक दिवसीय महत्वपूर्ण दौरे पर रहेंगे. इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री लगभग ₹25,000 करोड़ की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शुभारम्भ, उद्घाटन और शिलाान्यास करेंगे.

प्रधानमंत्री अपने दौरे की शुरुआत सुबह लगभग 11 बजे हरियाणा के जींद रेलवे स्टेशन से करेंगे. यहां वे जींद और सोनीपत के बीच चलने वाली देश की पहली हाइड्रोजन-चालित ट्रेन को झंडी दिखाकर रवाना करेंगे.

भारत में ही पूरी तरह डिजाइन और निर्मित यह ट्रेन शून्य कार्बन उत्सर्जन करेगी, जिसमें केवल जल वाष्प उप-उत्पाद के रूप में निकलेगा. यह 10 कोच वाली ट्रेन दुनिया की सबसे लंबी और 3,200 HP प्रणोदन प्रणाली के साथ सबसे शक्तिशाली हाइड्रोजन ट्रेनों में से एक है. इसके शुरू होने से भारत दुनिया के उन चुनिंदा देशों में शामिल हो जाएगा जहां हाइड्रोजन ट्रेनें परिचालन में हैं. सुबह 11:30 बजे जींद के एकलव्य स्टेडियम में पीएम मोदी ₹14,700 करोड़ की विकास परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे और आधारशिला रखेंगे. लगभग ₹9,680 करोड़ की लागत से तैयार दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे (पैकेज 1 से 5) को राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा, जिससे दिल्ली और कटरा के बीच यात्रा का समय 14 घंटे से घटकर मात्र 6 घंटे रह जाएगा. इसके अलावा अंबाला-काला अंब राजमार्ग, जींद-गोहाना ग्रीनफील्ड राजमार्ग का उद्घाटन और हांसी-बरवाला ब्राउनफील्ड राजमार्ग की आधारशिला रखी जाएगी. पीएम मोदी कुरुक्षेत्र में एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का लोकार्पण करेंगे. साथ ही भिवानी और नारनौल में प्रमुख मेडिकल कॉलेजों को राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा. कुरुक्षेत्र में आधुनिक तकनीक से लैस सिख संग्रहालय की आधारशिला भी रखी जाएगी.

चंडीगढ़ में दोपहर करीब 1:45 बजे प्रधानमंत्री ₹4,700 करोड़ से अधिक की बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे. पीएम मोदी चंडीगढ़ पीजीआईएमईआर में 300 बिस्तरों वाले आधुनिक मातृ एवं शिशु केंद्रऔर तंत्रिका विज्ञान केंद्र का उद्घाटन करेंगे. साथ ही, ₹पीएम-एबीएचआईएम योजना के तहत 150 बिस्तरों वाले क्रिटिकल केयर ब्लॉक की आधारशिला भी रखी जाएगी. पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज और अन्य सरकारी कॉलेजों में नए हॉस्टल व रिसर्च ब्लॉक का शिलान्यास होगा. इसके अलावा मोहाली के आईटी सिटी से कुराली तक 6 लेन के ग्रीनफील्ड राजमार्ग का उद्घाटन और अंबाला-चंडीगढ़ ग्रीनफील्ड राजमार्ग के पीआर-7 स्पर की आधारशिला रखी जाएगी.

दौरे के अंतिम चरण में प्रधानमंत्री जालंधर पहुंचेंगे, जहां वे रेल और सड़क अवसंरचना को मजबूत करने के लिए ₹5,470 करोड़ से अधिक की योजनाओं की सौगात देंगे. प्रधानमंत्री 'अमृत भारत स्टेशन योजना' के अंतर्गत 20 राज्यों में फैले 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों (जिसमें जालंधर कैंट शामिल है) का उद्घाटन करेंगे. इन स्टेशनों को ₹1,570 करोड़ की लागत से आधुनिक सुविधाओं और स्थानीय संस्कृति की थीम पर विकसित किया गया है.

नांगल बांध-तलवारा-मुकेरियन परियोजना के तहत निर्मित दौलतपुर चौक-करतोली नई रेल लाइन का उद्घाटन होगा, जो माता चिंतपूर्णी और आनंदपुर साहिब जैसे धार्मिक स्थलों को जोड़ेगी. पीएम मोदी करतोली-अंबाला रेल सेवा और अमृतसर (छेहर्टा)-वाराणसी रेल सेवा को भी हरी झंडी दिखाएंगे.

Next Story