
x
Hyderabad. हैदराबाद। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में गणेशोत्सव का भव्य समापन खैरताबाद के प्रसिद्ध बड़ा गणेश के विसर्जन के साथ हुआ। 69 फीट ऊंची विशाल गणेश प्रतिमा की विसर्जन शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इस दौरान पूरा मार्ग ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयघोष से गूंजता रहा।
इस वर्ष खैरताबाद में ‘पंचमुख संकटहर महागणपति’ की 69 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित की गई थी। सुबह तकनीकी समस्या के कारण विसर्जन शोभायात्रा शुरू होने में कुछ देरी हुई। समस्या दूर होने के बाद विशाल प्रतिमा को विशेष वाहन पर रखकर विसर्जन के लिए रवाना किया गया।
खैरताबाद से शुरू हुई शोभायात्रा राजदूत क्रॉस रोड, टेलीफोन भवन, तेलंगाना सचिवालय और एनटीआर मार्ग से होते हुए हुसैन सागर स्थित विसर्जन स्थल तक पहुंची। रास्ते में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश के दर्शन किए और बप्पा को भावुक विदाई दी।
विसर्जन को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस की ओर से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंध और डायवर्जन लागू किए गए।
‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयघोष के बीच श्रद्धालुओं ने बप्पा को विदाई दी। खैरताबाद का बड़ा गणेश हर साल हैदराबाद के गणेशोत्सव के प्रमुख आकर्षणों में शामिल रहता है। इस बार भी विशाल प्रतिमा और भव्य विसर्जन यात्रा के दौरान श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला।
Next Story





