भारत

प्रेग्नेंट पत्नी ने नाश्ता नहीं बनाई, तो पति ने मार डाला

Nilmani Pal
22 Jun 2026 7:52 AM IST
प्रेग्नेंट पत्नी ने नाश्ता नहीं बनाई, तो पति ने मार डाला
x
पढ़े पूरी खबर

यूपी। बिजनौर जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां सुबह के समय नाश्ता बनाने को लेकर शुरू हुआ घरेलू विवाद कुछ ही मिनटों में एक गर्भवती महिला की मौत का कारण बन गया. आठ माह की गर्भवती विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने सनसनीखेज खुलासा किया है. रिपोर्ट के अनुसार महिला की मौत दम घुटने से हुई थी, जिससे साफ हो गया कि उसकी हत्या की गई थी. पुलिस ने मामले में आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. यह पूरा मामला मंडावर थाना क्षेत्र के सीमला खुर्द गांव की नई बस्ती का है, जहां शुक्रवार सुबह एक परिवार की मामूली कहासुनी ने ऐसा भयावह रूप ले लिया कि एक महिला और उसके गर्भ में पल रहे बच्चे की जिंदगी खत्म हो गई.

पुलिस जांच में सामने आया है कि शुक्रवार सुबह पति-पत्नी के बीच नाश्ता बनाने को लेकर कहासुनी हुई थी. बताया जा रहा है कि जब पत्नी ने किसी कारणवश नाश्ता बनाने से मना किया तो पति मुकेश सैनी गुस्से में आ गया. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि उसने कथित रूप से पत्नी का मुंह दबा दिया. सांस रुकने के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई. शुरुआत में घटना को सामान्य मौत बताने की कोशिश की गई, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पूरा मामला हत्या में बदल गया.मृतका की पहचान 28 साल की मीनाक्षी के रूप में हुई है. मीनाक्षी की शादी साल 2022 में मंडावर क्षेत्र के निवासी मुकेश सैनी से हुई थी. वह शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला जाटान निवासी हरिओम की पुत्री थी. परिवार के अनुसार मीनाक्षी आठ माह की गर्भवती थी और जल्द ही मां बनने वाली थी. ऐसे में उसकी मौत ने न केवल एक महिला की जिंदगी छीनी, बल्कि गर्भ में पल रहे बच्चे का जीवन भी समाप्त कर दिया.

घटना की सूचना मिलते ही मीनाक्षी के मायके पक्ष के लोग सीमला खुर्द पहुंचे. परिजनों ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग पूरी न होने पर हत्या करने का आरोप लगाया. आरोपों को लेकर मौके पर काफी हंगामा भी हुआ. मायके पक्ष का कहना है कि शादी के बाद से ही दहेज को लेकर मीनाक्षी को प्रताड़ित किया जाता था और उसे लगातार परेशान किया जा रहा था. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था. शुक्रवार देर रात आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की मौत का कारण दम घुटना बताया गया. रिपोर्ट में सामने आया कि सांस रुकने से उसकी जान गई, जिसके बाद हत्या की आशंका मजबूत हो गई. पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने उस सच्चाई से पर्दा उठाया जिसने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया. रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने तत्काल आगे की कार्रवाई शुरू की. मृतका के परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी पति मुकेश सैनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया. पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया. शनिवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.

Next Story