पत्नी मायके में रूक गई तो पति को आया गुस्सा, अधमरा कर खुद किया सुसाइड

यूपी। आगरा में एक पति ने पहले पत्नी पर ताबड़तोड़ वार किए फिर खुद को आग लगाकर जान दे दी। बताया जा रहा है कि किशोरपुरा इलाके में बुधवार शाम घरेलू विवाद ने भयावह रूप ले लिया। जूता कारीगर इमरान उर्फ शानू (35) ने पहले अपनी पत्नी अफसाना पर लोहे की सरिया से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। पड़ोसी धुआं उठता देखकर घर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मामले में मिली जानकारी के अनुसार जूता कारीगर शानू दिव्यांग था। करीब 10 साल पहले उसकी शादी जयपुर निवासी अफसाना से हुई थी। दंपति के छह बच्चों में से चार उनके साथ रहते हैं। परिजनों ने बताया कि पति- पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। एक सप्ताह पहले भी झगड़े के बाद अफसाना बच्चों को लेकर मायके चली गई थी। बुधवार को वह वापस घर लौटी थी। शाम करीब साढ़े पांच बजे दोनों के बीच फिर कहासुनी शुरू हो गई। पहली मंजिल पर रहने वाली शानू की भाभी रिजवाना ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन शानू ने उन्हें कमरे से बाहर जाने को कह दिया। कुछ देर बाद जब रिजवाना वापस लौटीं तो कमरे से चीख-पुकार की आवाजें आ रही थीं। अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। अफसाना खून से लथपथ घायल हालत में फर्श पर पड़ी थी। उसके सिर से लगातार खून बह रहा था। आरोप है कि शानू ने लोहे की सरिया से उसके सिर पर कई वार किए थे। शोर सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में अफसाना को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसके सिर में 25 टांके लगाए हैं। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
इधर, पत्नी को अस्पताल ले जाने के बाद शानू घर में ही रुका रहा। कुछ देर बाद पड़ोसियों ने घर से धुआं निकलता देखा। लोग अंदर पहुंचे तो किचन में शानू जली हुई हालत में पड़ा मिला। उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। सूचना पर मौके पर पहुंची जगदीशपुरा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला गृह क्लेश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। घायल महिला का इलाज जारी है। महिला की हालत में सुधार के बाद उसके बयान दर्ज किए जाएंगे। परिजनों और पड़ोसियों का कहना है कि आए-दिन पति और पत्नी में झगड़े होते थे।





