पति को रात 1 बजे जिंदा जलाया, पड़ोसी प्रेमी ने दिया महिला का साथ

ये घटना बिनौली क्षेत्र के बिजवाड़ा गांव का है। जहां सतबीर के बेटे राजीव की पत्नी निशा ऊर्फ नीशू का पड़ोस के रहने वाले युवक विक्रांत के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। राजीव लगातार इसका विरोध कर रहा था। इस पर निशा ने राजीव को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। 20 जून की शाम राजीव काम से घर लौटा। उसने पत्नी के साथ खाना खाया और रात 11 बजे कमरे में सोने चला गया। पत्नी नीशू तीनों बच्चों को लेकर दूसरे कमरे में चली गई। रात करीब एक बजे उसने प्रेमी विक्रांत को बुलाया। वह पेट्रोल लेकर पहुंचा दोनों पहले राजीव के कमरे में गए और उस पर पेट्रोल उड़ेल दिया। पेट्रोल पड़ने से राजीव जाग गया और वह शोर मचाते हुए कमरे से भागने लगा। इसी दौरान नीशू ने माचिस जलाकर उसे आग के हवाले कर दिया। आग से राजीव 80 फीसदी तक झुलस गया। परिजन आनन-फानन में उसे लेकर मेरठ मेडिकल कॉलेज भागे। जहां डॉक्टरों ने उसे एडमिट कर तुरंत इलाज शुरू कर दिया। राजीव के पिता सतबीर ने थाने पर निशा और उसके प्रेमी विक्रांत के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। उधर, शुक्रवार देर रात राजीव की उपचार के दौरान मौत हो गई।
राजीव के पिता सतबीर सिंह ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने विक्रांत को घर की छत से भागते हुए देखा था। उनके अनुसार बहू ने प्रेमी के साथ मिलकर राजीव को जलाया था। आरोप लगाया कि घटना से पहले विक्रांत ने राजीव को जान से मारने की धमकी दी थी। राजीव और नीशू की शादी 10 साल पहले हुई थी। राजीव मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। मेरठ मेडिकल अस्पताल में भर्ती राजीव ने मौत से पहले पुलिस को बताया था कि पत्नी और उसके प्रेमी ने उसे जलाया है। इंस्पेक्टर बिनौली राकेश शर्मा का कहना है कि दोनों मुख्य आरोपियों को पहले ही जेल भेज दिया गया है, अब राजीव की मौत के बाद मुकदमे में हत्या की धाराएं बढ़ाई जाएंगी।





