टीचर के साथ अफेयर का शक, पत्नी की पिटाई कर पति ने किया सुसाइड

पंजाब। फिरोजपुर जिले के गांव जवाहर सिंह वाला में चरित्र पर संदेह के चलते एक शख्श ने अपनी पत्नी को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। उसे मरा समझ खुद ने भी पत्नी के स्कूल परिसर में ही फंदा लगाकर जान दे दी। मृतक की पहचान 32 वर्षीय मनप्रीत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस मौके पर पहुंची और पति के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि पति पत्नी के चरित्र पर शक करता था। उसे शक था कि उसकी पत्नी के स्कूल के किसी टीचर के साथ अवैध संबंध हैं।
पुलिस के मुताबिक, फिरोजपुर के गांव जवाहर सिंह वाला के रहने वाले मनप्रीत सिंह की पत्नी सरकारी स्कूल में मिड डे मील वर्कर थी। मनप्रीत को काफी समय से शक था कि उसकी पत्नी के सरकारी स्कूल में ही पढ़ाने वाले किसी टीचर से अवैध संबंध हैं। इस वजह से उनके बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था। दोनों के बीच विवाद खत्म नहीं हुआ। उनके बीच इसी बात को लेकर कहा-सुनी हुई। इसके बाद बहस बढ़ गई और मनप्रीत ने पत्नी को पीटना शुरू कर दिया। उसने पेंचकस और प्लास से इतना मारा की वह अधमरी हो गई। उसने पत्नी के होठ भी प्लास से खींचे, जिससे वह गंभीर घायल होकर जमीन पर बेहोश पड़ी रही।
मनप्रीत को लगा कि पत्नी की मौत हो गई, हालांकि वह अभी जिंदा है। उसे पहले सिविल अस्पताल, फिर यहां से रेफर कर फरीदकोट भेज दिया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। मनप्रीत को लगा कि पत्नी की मौत हो गई, तो उसने खुद पुलिस को फोन कर वारदात की सूचना दी। इसके बाद वह सीधे उसी सरकारी स्कूल पहुंचा, जहां उसकी पत्नी मिड-डे मील वर्कर के तौर पर कार्यरत थी। स्कूल परिसर में बनी पानी की टंकी पर चढ़कर उसने गले में रस्सा डाला और नीचे छलांग लगा दी। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
मृतक के भांजे बंटी ने बताया कि मनप्रीत को लंबे समय से पत्नी और स्कूल के एक टीचर के रिश्ते को लेकर शक था। वह कई बार पत्नी को उस टीचर से बात करने या मिलने से मना करता था और समझाता था, लेकिन दोनों के बीच विवाद खत्म नहीं हुआ। परिवार का कहना है कि इसी शक ने परिवार को तबाह कर दिया। जांच अधिकारी एएसआई सुरजीत सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद पहते पत्नी को पीटा, फिर आत्महत्या की बात सामने आई है। महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों और अन्य लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





