भारत
चिट्टा सप्लाई करने पहुंचे थे पंजाब के पति-पत्नी, पुलिस ने ऐसे दबोचा
Shantanu Roy
19 Oct 2026 6:19 PM IST

x
Nurpur. नूरपुर। पुलिस जिला नूरपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीआईए नूरपुर और पुलिस चौकी सदवां की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में पंजाब के गुरदासपुर जिले के रहने वाले पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी बिना नंबर प्लेट की काले रंग की रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल पर सवार होकर चिट्टा लेकर आ रहे थे।
एएसपी नूरपुर के अनुसार, 17 अक्तूबर की रात पुलिस टीम को हिन्दौराघाट के पास गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक और युवती गुरदासपुर, पंजाब से चिट्टा लेकर सदवां क्षेत्र में बिक्री करने के उद्देश्य से आ रहे हैं। सूचना के आधार पर सीआईए नूरपुर और पुलिस चौकी सदवां की संयुक्त टीम ने स्वतंत्र गवाहों को साथ लेकर खज्जन स्थित नजीर टायरमैन फैक्टरी के पास नाकाबंदी की। रात करीब 8:35 बजे संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर उस पर सवार दोनों व्यक्तियों को काबू किया गया।
पूछताछ के दौरान उनकी पहचान प्रकाश सिंह और उसकी पत्नी सोनिया, निवासी नौशैहरा मज्जा सिंह, जिला गुरदासपुर, पंजाब के रूप में हुई। पुलिस ने मोटरसाइकिल की तलाशी ली तो उसके दाहिनी ओर बने टूल बॉक्स में छिपाकर रखा गया एक पारदर्शी पॉलीथीन लिफाफा बरामद हुआ। इसमें हल्के भूरे-सफेद रंग का दानेदार पदार्थ था। ड्रग डिटेक्शन किट से जांच करने पर पदार्थ में चिट्टा/हेरोइन के सकारात्मक संकेत मिले। डिजिटल तराजू से तौलने पर पॉलीथीन सहित कुल वजन 11 ग्राम पाया गया। पुलिस को तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल से संबंधित दस्तावेज और आरसी भी नहीं मिली।
Next Story





