भारत

सडक़ों पर रेंगती रही सैकड़ों गाडिय़ां

Shantanu Roy
14 Jun 2026 4:06 PM IST
सडक़ों पर रेंगती रही सैकड़ों गाडिय़ां
x
Kullu. कुल्लू। पर्यटन सीजन के चरम पर पहुंचते ही पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश के पर्यटन स्थलों पर ट्रैफिक जाम लग रहा है। तीन से चार घंटों तक ट्रैफिक जाम लग रहा है। देश-दुनिया में पर्यटन की दृष्टि से विख्यात जिला कुल्लू के मनाली, मणिकर्ण, बंजार के जिभी और तीर्थन घाटी में ट्रैफिक जाम लग रहा है। वीकेंड में ट्रैफिक जाम की समस्या विकराल हो गई है। शनिवार को भी जिला कुल्लू के पर्यटन स्थलों में दो से तीन घंटों तक वाहन रेंगते रहे हैं। इस दौरान सैकड़ों गाडिय़ां जाम में फंसी रहीं। लोगों और सैलानियों को जाम के चलते दिक्कतों का सामना करना पड़ा। यही नहीं ट्रैफिक जाम कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर दवाड़ा, पंडोह से लेकर ही शनिवार सुबह से लेकर शाम तक लगता रहा। वहीं, कुल्लू जिला के भीतर भी वाहनों की संख्या बढऩे से ट्रैफिक जाम में पर्यटकों समेत
स्थानीय यात्री परेशान हुए।

मनाली, रोहतांग, अटल टनल, मणिकर्ण और बंजार की सडक़ों पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। जाम के कारण पर्यटकों का उत्साह मायूसी में बदलता दिखाई दिया। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, चंडीगढ़ सहित अन्य कई राज्यों से आए पर्यटकों ने बताया कि उन्होंने कुल्लू-मनाली घूमने की योजना बड़े उत्साह से बनाई थी, लेकिन मंडी के दवाड़ा से लेकर औट तक का सफर उनके लिए किसी परीक्षा से कम नहीं रहा। कुल्लू जिला के मणिकर्ण और बंजार क्षेत्र में सडक़ों की हालात और सडक़ किनारे खड़े वाहन समस्या को और बढ़ा रहे हैं। सडक़ पर खड़े वाहनों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। उल्लेखनीय है कि जिला के प्रसिद्ध पर्यटक स्थलों पर देश और विदेश से हर साल लाखों सैलानी आते हैं। गर्मियों में तो यह तादाद और भी बढ़ जाती है।
Next Story