भारत

इंसानियत मर गई! एम्बुलेंस को रोका, विधायक की कार को जाने दिया प्रशासन ने

Nilmani Pal
29 Jun 2025 4:51 PM IST
इंसानियत मर गई! एम्बुलेंस को रोका, विधायक की कार को जाने दिया प्रशासन ने
x
वीडियो वायरल

यूपी। हमीरपुर जिले से गुजरने वाले कानपुर-सागर हाईवे पर पड़ने वाले यमुना पुल की मरम्मत के लिए शनिवार व रविवार को सभी तरह के वाहनों का आवागमन पूरी तरह से प्रतिबंधित रहता है. लेकिन ऐसा मालूम पड़ता है कि यह नियम सिर्फ आम आदमी पर लागू होता है, माननीय और वीआईपी पर नहीं. इस पुल पर यातायात प्रतिबंधित रहने के दौरान इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक ऐसी ही तस्वीर सामने आई है. ​हमीरपुर प्रशासन ने शनिवार को एक शव वाहन को पुल पार नहीं करने दिया, इसी दौरान हमीरपुर सदर से विधायक मनोज प्रजापति की गाड़ी पुल पर फर्राटा भरते नजर आई. इससे प्रशासन का दोहरा चरित्र उजागर हो गया.

हमीरपुर में यमुना पुल पर वर्तमान में हर शनिवार और रविवार को मरम्मत का काम चलता है. इस कारण शनिवार सुबह छह बजे से रविवार रात 12 बजे तक वाहनों की आवाजाही इस पुल पर बंद कर दी जाती है. ट्रैफिक डायवर्जन सुनिश्चित करने के लिए पुल के पास तैनात पुलिस कर्मियों ने शनिवार सुबह 6:30 बजे के करीब हमीरपुर सदर से भाजपा विधायक मनोज प्रजापति की कार को जाने दिया, वहीं 9:30 बजे के करीब कानपुर की तरफ से आए एक शव वाहन को यमुना पुल पर एंट्री नही दी गई. स्वजन प्रशासन के सामने गिड़गिड़ाए लेकिन उनकी किसी ने नहीं सुनी. मजबूरी में बेटा अपनी मां के शव को स्ट्रेचर में लादकर पैदल ही चल पड़ा.

थाना सुमेरपुर के टेढ़ा गांव निवासी बिंदा ने बताया कि उनकी मां शिव देवी का पैर फैक्चर हो गया था, जिसके चलते कानपुर में उन्हें भर्ती कराया गया था. शनिवार की सुबह इलाज दौरान उनकी मौत हो गई. बिंदा सुबह अपनी मां के शव को एंबुलेंस में लेकर हमीरपुर आ रहे थे, लेकिन यमुना पुल पर वाहन को एंट्री नहीं दी गई. इस कारण मजबूरी में वह एंबुलेंस ड्राइवर के सहयोग से अपनी मां के शव को स्ट्रेचर में लादकर करीब एक किलोमीटर पैदल चलकर नदी के दूसरे छोर पर आए. बाद में ऑटो में शव रखकर अपने गांव ले गए. इस तस्वीर ने पुल से गुजरने वाले हर शख्स के दिल को झकझोर दिया.


Next Story
null