Breaking News

रैग्जीन गोदाम में लगी भीषण आग, दमकल की गाड़ियां मौके पर

13 Feb 2024 10:35 AM GMT
रैग्जीन गोदाम में लगी भीषण आग, दमकल की गाड़ियां मौके पर
x

जोधपुर। सूरसागर में गेंवा बाइपास पर मैरिज गार्डन से सटे रैग्जीन गोदाम में मंगलवार को भीषण आग लग गई। गैस गोदाम समीप होने से हड़कंप मच गया। आग ने पास स्थित गत्ते की एक फैक्ट्री को भी चपेट में ले लिया। दोनों की दीवारें गिर गईं। नगर निगम की एक दर्जन से अधिक दमकलें और …

जोधपुर। सूरसागर में गेंवा बाइपास पर मैरिज गार्डन से सटे रैग्जीन गोदाम में मंगलवार को भीषण आग लग गई। गैस गोदाम समीप होने से हड़कंप मच गया। आग ने पास स्थित गत्ते की एक फैक्ट्री को भी चपेट में ले लिया। दोनों की दीवारें गिर गईं। नगर निगम की एक दर्जन से अधिक दमकलें और एयरफोर्स की दो दमकलें मौके पर पहुंची और तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग नियंत्रित की। हालांकि देर रात तक लपटें उठती रहीं।

सहायक पुलिस आयुक्त प्रतापनगर अशोक आंजणा ने बताया कि जेडी पार्क मैरिज गार्डन के पास रैग्जीन व सोफे बनाने का गोदाम है, जहां शाम छह बजे आग लग गई। करीब सौ फुट लम्बे गोदाम में रैग्जीन व फॉम का भारी स्टॉक करके रखा गया था। कर्मचारियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन रैग्जीन व फॉम और अन्य ज्वलनशील पदार्थ चपेट में आ गए। जिससे आग भीषण हो गई। गोदाम के कर्मचारियों ने बाहर निकलकर जान बचाई। आस-पास के लोगों की मदद से पानी डालकर आग बुझाने के प्रयास किए गए, लेकिन आग ने भयंकर रूप ले लिया।

गोदाम से सटी गत्ता बनाने की फैक्ट्री है। आग की लपटों ने उस फैक्ट्री को भी चपेट में ले लिया। जिससे आग बेकाबू हो गई। शास्त्रीनगर, बासनी, नागौरी गेट से एक दर्जन से अधिक दमकलों के साथ चीफ फायर ऑफिस जयसिंह व अन्य दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और पानी डालना शुरू किया, लेकिन भीषण लपटों के आगे बेबस नजर आए। पुलिस उपायुक्त पश्चिम गौरव यादव और जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल सहित पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। बाद में एयरफोर्स की दो दमकलें भी बुलाईं गईं। रात करीब नौ बजे आग को कुछ हद तक काबू पाया जा सका। हालांकि देर रात तक लपटें उठती रही। आग लगने का कारण अभी तक पता नहीं लग पाया है। किसी तरह की जनहानि होने की जानकारी नहीं है।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि रैग्जीन फैक्ट्री और गत्ते की फैक्ट्री में भारी मात्रा में माल रखा हुआ था। अधिकांश माल ज्वलनशील है। जिसकी वजह से आग बेकाबू हो गई। हालात ऐसे हो गए कि टीन शेड पूरी तरह जल गए और गोदाम व फैक्ट्री की दीवारें गिरने लग गईं। जिससे टीन शेड धराशायी हो गया। गोदाम से सटा जेडी मैरिज गार्डन है। कुछ दूरी पर गैस एजेंसी का गोदाम है। आग के गैस गोदाम तक पहुंचने का अंदेशा होने लग गया। जिससे आस-पास के लोगों में भय व्याप्त हो गया। हादसे के दौरान हवा की रफ्तार कम थी। अन्यथा गोदाम भी चपेट में आ सकता था।

    Next Story