भारत

शिमला आ रही HRTC वोल्वो बस चालक के साथ मारपीट

Shantanu Roy
25 May 2026 3:34 PM IST
शिमला आ रही HRTC वोल्वो बस चालक के साथ मारपीट
x
Shimla. शिमला। राजधानी शिमला में दिल्ली से आ रही एचआरटीसी की वोल्वो बस के चालक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। मारपीट की वारदात में स्कॉर्पियो सवार महिला सहित चार लोगों ने बस चालक को पीट-पीट कर बुरी तरह से लहूलुहान कर दिया। मारपीट की वारदात में बस चालक को सिर और नाक पर गंभीर चोटें आई हैं। घायल बस चालक को मेडिकल और उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया है। मारपीट की घटना रविवार सुबह कालका-शिमला नेशनल हाइवे पर बालूगंज थाना के तहत कच्चीघाटी क्षेत्र में हुई, जहां ओवरटेक करने को लेकर स्कॉर्पियो सवार कुछ लोगों ने बस को रुकवाकर चालक के साथ मारपीट की। पुलिस के अनुसार एचआरटीसी की वोल्वो बस दिल्ली से शिमला आ रही थी। इसी दौरान कच्चीघाटी के पास बस चालक ने एक हरियाणा नंबर की एक स्कॉर्पियो गाड़ी को
ओवरटेक किया।


बस चालक का आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर स्कॉर्पियो में सवार कुछ लोगों ने बस को बीच रास्ते में रुकवा लिया और चालक के साथ मारपीट की। घटना की सूचना मिलते ही बालूगंज पुलिस थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तुरंत कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल दो लोगों को मौके से ही पकड़ लिया। इसके बाद महिला और एक आरोपी फरार हो गए थे, लेकिन कुछ ही देर में ठियोग पुलिस की टीम द्वारा डिटेन करके थाना बालूगंज को सौंपा जिनको पुलिस थाना बालूगंज की टीम द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने मारपीट के चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंकज कुमार निवासी गांव अभयपुर पंचकुला, हरियाणा, विकास कुमार निवासी गांव अभयपुर पंचकुला, हरियाणा, प्रतिभा पत्नि विक्की कुमार गांव अभयपुर पंचकुला, हरियाणा और विक्की कुमार निवास गांव अभयपुर पंचकुला, हरियाणा के रूप में हुई है। उधर, एसएसपी शिमला गौरव सिंह का कहना है कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
Next Story