भारत

HP: डेढ़ लाख श्रद्धालुओं ने किए मां नयनादेवी के दर्शन

Shantanu Roy
9 Oct 2024 11:05 AM GMT
HP: डेढ़ लाख श्रद्धालुओं ने किए मां नयनादेवी के दर्शन
x
Nayanadevi. नयनादेवी। ऊत्तरी भारत के विख्यात तीर्थ स्थल श्री नयना देवी में चल रहे शारदीय नवरात्र में अब तक लगभग डेढ़ लाख श्रद्धालुओं ने माता श्री नयना देवी जी के दर्शन कर लिए है। शारदीय नवरात्रों में मंद-मंद चल रही ठंडी हवाओं ने उभरती गर्मी से भक्तों को अपनी ठंडी छत्रछाया में बनाए रखा तथा भक्तों की भी भक्ती देखते ही बनती थी तथा ठंड में भी मां के खूब जयकारे लग रहे थे। 3 अक्तूबर से चल रहे शारदीय नवरात्रे 12 अक्तूबर को संपन्न होंगे। जिला प्रशासन, मंदिर प्रशासन एवं नगर प्रशासन ने इन मेलों में यात्रियों की सुविधा हेतु पुख्ता इंतजाम किए हैं। लगभग 400 पुलिस कर्मी सुरक्षा का जिम्मा संभाले हुए हैं तथा चप्पे-चप्पे पर पुलिस पहरे में बीच भक्त मां के दर्शन कर रहे हैं। गत दिवस पांचवां नवरात्रा भी धूमधाम से संपन्न हो गया। अभी तक लगभग डेढ़ लाख भक्तों ने मां के चरणों में
अपना शीश नवाया।


मंदिर के अध्यक्ष एवं मेला अधिकारी धर्मपाल ठाकुर ने बताया कि अभी तक माता के भक्त आराम से दर्शन कर रहे हैं। पहली बार एलईडी के माध्यम से माता के दर्शन लोग कर रहे हैं। उन्होंने सभी कर्मचारियों से सुरक्षा कर्मियों से सतर्क रहने की अपील की है। स्वास्थ्य व्यवस्था तथा परिवहन व्यवस्था भी दुरुस्त रही। गत दिवस न्यास के अध्यक्ष धर्मपाल ठाकुर मंदिर अधिकारी विपिन ठाकुर तथा डीएसपी विक्रांत वौंसरा हर पहलू पर बराबर नजर रखे हुए थे तथा सभी व्यवस्था चाक चौबंद थी। सफाई व्यवस्था पर उन्होंने कहा कि नगर परिषद भी अपनी जिम्मेदारी निभाये तथा सयुंक्त रूप से किया गया कार्य का बेहतर परिणाम होगा, सफाई व्यवस्था अभी तक पूर्ण रूप से बेहतर है। जल व सिंचाई विभाग के अधिकारी सन्नी शर्मा ने बताया कि कि नवरात्रों में पानी की व्यवस्था सुचारु रूप से चल रही है लगभग 10 लाख लीटर पानी प्रतिदिन लोगों को मुहैया करवाया जा रहा है तथा कर्मचारी दिन रात सेवा में जुटे हुए हैं। रज्जू मार्ग में भी श्रद्धालु सुबह आठ बजे से शाम के सात बजे तक गोबिंद सागर का दृश्य देख तथा रज्जू मार्ग में लुत्फ़ उठा रहे है। रज्जू मार्ग यात्रिओं की सेवा में सुचारू रूप से चल रहा है। रविवार को यात्रिओं का भारी सैलाब माता के दर्शनों को उमड़ पड़ा तथा उसके बाद कुछ कमी देखी गई।
Next Story