भारत

HP NEWS: समेज में बनेंगे दो बैली ब्रिज शिमला से जल्द पहुंचेगा सामान

Shantanu Roy
4 Aug 2024 10:45 AM GMT
HP NEWS: समेज में बनेंगे दो बैली ब्रिज शिमला से जल्द पहुंचेगा सामान
x
Rampur Bushahr. रामपुर बुशहर। लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने शनिवार को समेज के घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रभावित लोगों और पीडि़तों से भी मिले। घटनास्थल पर स्थानीय लोगों ने घटना के बारे में कैबिनेट मंत्री को बताया। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि समेज गांव में दो बैली ब्रिज स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए शिमला से बैली ब्रिज का सामान मंगवा लिया गया है। कुछ ही दिनों में ब्रिज सुचारू हो जाएंगे, ताकि स्थानीय लोगों को आवागमन की सुविधा उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि यहां पर अतिरिक्त मशीनरी की तैनाती की जा रही है, ताकि खोज एवं बचाव कार्य को और तीव्रता मिल सके। इसके बारे में संबंधित विभाग को निर्देश दे दिए गए है। उन्होंने कहा कि 85 किलोमीटर के क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया जा रहा है। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आर्मी, पैरा मिलिट्री फोर्स, पुलिस, होमगार्ड, अग्निशमन विभाग के
सदस्य रेस्क्यू ऑपरेशन में लगे हुए हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को समेज दौरे के दौरान आपदा प्रभावितों को 50 हजार रुपए की फौरी राहत राशि और किराए पर मकान के लिए 5000 रुपए देने की घोषणा की है, जिसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने केंद्र सरकार से हिमाचल प्रदेश को आपदा से निपटने के लिए दिल खोल कर आर्थिक सहायता प्रदान करने का भी आग्रह किया। उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने इस दौरान कैबिनेट मंत्री को बचाव कार्यों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान सातवें राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष एवं विधायक रामपुर नंद लाल, पूर्व सांसद एवं कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह, जिला परिषद अध्यक्ष चंद्र प्रभा नेगी, पुलिस अधीक्षक शिमला संजीव कुमार गांधी, उपमंडल दंडाधिकारी रामपुर निशांत तोमर सहित कई विभागों के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
Next Story