भारत

HP: कांगड़ा सब्जी मंडी को शिफ्ट करने के प्रयास तेज

Shantanu Roy
12 Oct 2024 12:16 PM GMT
HP: कांगड़ा सब्जी मंडी को शिफ्ट करने के प्रयास तेज
x
Kangra. कांगड़ा। कांगड़ा सब्जी मंडी को शिफ्ट करने के प्रयास तेज हो गए हैं। इस सब्जी मंडी को यहां से स्थानांतरित कर मॉडर्न मंडी बनाने के दिशा-निर्देश दिए गए हैं। मंगलवार को कृषि मंडी बोर्ड की ओएसडी डाक्टर किरण ने कांगड़ा मंडी का दौरा किया और पाया कि यह मंडी मौजूदा समय में इस योग्य नहीं है कि यहां व्यापार हो सके । मंडी के आढ़तियों ने डाक्टर किरण को बताया कि मंडी की हालत दयनीय है और चार दशक पूर्व बनाए गए भवन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। वीरभद्र मंदिर ट्रस्ट के साथ विवाद के चलते जहां मरम्मत का कार्य भी न हो पा रहा है। ऐसे में कभी भी यहां बड़ा हादसा हो सकता है । आढ़ती संगठन के प्रधान इंद्रजीत सिंह ने डाक्टर किरण को बताया कि इस मंडी का निर्माण साल 1981 में हुआ था और पिछले चार दशकों के दौरान मंडी की हालत जर्जर है, जहां कार्य करना अब मुश्किल हो गया है। डा. किरण ने माना कि मंडी की
हालत खस्ता है।


लिहाजा मॉडर्न मंडी का निर्माण कांगड़ा में जरूरी है। आढ़तियों ने बताया कि दो-तीन साल पहले यहां आलू ग्रेडिंग सेंटर का निर्माण किया गया, जो कि पैसा बर्बाद हुआ है, क्योंकि उसको बनाने का कोई औचित्य ही न था, क्योंकि यहां आलू की पैदावार नहीं है। उन्होंने इसे हटाने की बात भी कही। साथ ही यहां जो कूड़ा संयंत्र बनाया गया है वह भी नकारा है। मौके पर मौजूद कृषि उपज मंडी समिति जिला कांगड़ा के सचिव दीक्षित जरियाल ने डाक्टर किरण को बताया कि पुराने एसडीएम कोर्ट वाली जगह नई सब्जी मंडी बनाने के माकूल है, वहां 49 कनाल का भूखंड मौजूद है, जो कि राजस्व विभाग का है। जिला प्रशासन को उसे भूमि को कृषि उपज मंडी समिति जिला कांगड़ा के नाम स्थानांतरित करने का प्रस्ताव भेजा गया है। डाक्टर किरण ने समिति को निर्देश दिए कि इस मसले को शीघ्र हल करवा कर नई मंडी का निर्माण किया जाए। सचिव दीक्षित जरियाल ने जेई का पद भरने का भी आग्रह मंडी बोर्ड से किया। कृषि उपज मंडी समिति जिला कांगड़ा के सचिव दीक्षित जरयाल ने बताया कि डाक्टर किरण के समक्ष सारी जानकारी रख दी गई है।
Next Story