भारत

गृह मंत्रालय ने Wingo ऐप को किया ब्लॉक, केंद्र सरकार की डिजिटल स्ट्राइक

Nilmani Pal
30 Jan 2026 7:29 AM IST
गृह मंत्रालय ने Wingo ऐप को किया ब्लॉक, केंद्र सरकार की डिजिटल स्ट्राइक
x
ब्रेकिंग

दिल्ली। भारतीय गृह मंत्रालय (MHA) के साइबर विंग I4C ने Android यूजर्स को निशाना बनाने वाले 'Wingo' ऐप नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. यह ऐप यूजर्स के मोबाइल फोन का अनधिकृत इस्तेमाल कर उनकी जानकारी के बिना फर्जी और धोखाधड़ी वाले SMS भेज रहा था. मामले की गंभीरता को देखते हुए सरकार ने Wingo ऐप के कमांड एंड कंट्रोल सर्वर को पूरी तरह जियो-ब्लॉक (Geo-block) कर दिया है.

इसके अलावा, इस फ्रॉड को बढ़ावा देने वाले 4 टेलीग्राम चैनलों को भी बंद कर दिया गया है, जिनसे करीब 1.53 लाख यूजर्स जुड़े हुए थे. इस नेटवर्क से संबंधित 53 से ज्यादा यूट्यूब वीडियो को भी प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया है. साइबर सिक्योरिटी एजेंसियों के मुताबिक, यह नेटवर्क बड़े पैमाने पर साइबर धोखाधड़ी को अंजाम दे रहा था. फिलहाल मामले की विस्तृत जांच चल रही है और गृह मंत्रालय ने सभी मोबाइल यूजर्स को ऐसे अनजान ऐप्स से सतर्क रहने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की सलाह दी है.

जांच में सामने आया है कि Wingo ऐप चोरी-छिपे यूजर्स के फोन का कंट्रोल हासिल कर लेता था. इसके बाद, यूजर को पता भी नहीं चलता था और उसके नंबर से दूसरे लोगों को संदिग्ध और फर्जी मैसेज भेजे जा रहे थे. यह न केवल यूजर की प्राइवेसी का उल्लंघन है, बल्कि इसके जरिए अन्य लोगों को भी ठगी का शिकार बनाया जा रहा था. I4C ने इस नेटवर्क के तकनीकी ढांचे (Command & Control Server) को ब्लॉक कर इसके संचालन को ठप कर दिया है. धोखाधड़ी के इस खेल को सोशल मीडिया के जरिए बड़े पैमाने पर फैलाया जा रहा था. टेलीग्राम पर बने 4 बड़े चैनलों के जरिए करीब 1.53 लाख लोगों को इस जाल में फंसाने की कोशिश की जा रही थी, जिन्हें अब ब्लॉक कर दिया गया है. इसके साथ ही, यूट्यूब पर मौजूद उन 53 वीडियो को भी डिलीट करवा दिया गया है, जो इस ऐप का प्रचार कर रहे थे या इसे डाउनलोड करने का तरीका बता रहे थे.

Next Story
null