भारत

शिक्षा में हिमाचल प्रदेश का देशभर में डंका

Shantanu Roy
8 March 2026 3:09 PM IST
शिक्षा में हिमाचल प्रदेश का देशभर में डंका
x
Shimla. शिमला। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड को राष्ट्रीय व्यावसायिक शिक्षा एवं प्रशिक्षण परिषद (एनसीवीईटी) से ड्यूल कैटगिरी मान्यता प्राप्त हुई है। इस उपलब्धि के साथ हिमाचल प्रदेश, आंध्रप्रदेश के बाद देश का दूसरा राज्य बन गया है, जिसे अवॉर्डिंग बॉडी और असेस्मेंट एजेंसी दोनों के रूप में मान्यता मिली है। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने बताया कि वर्तमान राज्य सरकार और हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप बोर्ड को एनसीवीईटी से ड्यूल कैटगिरी मान्यता प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि राज्य में व्यावसायिक शिक्षा को मजबूत करने और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में एक
महत्त्वपूर्ण कदम है।


इस मान्यता के साथ अब हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड, राष्ट्रीय कौशल योग्यता ढांचा (एनएसक्यूएफ) के अंतर्गत व्यावसायिक पाठ्यक्रमों का निर्माण, प्रशिक्षण, मूल्यांकन और प्रमाणन स्वयं कर सकेगा। इस व्यवस्था के अंतर्गत जारी किए जाने वाले प्रमाण पत्रों को राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त होगी, जिससे छात्रों को देश और विदेश में रोजगार सहित उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे। यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के उस दृष्टिकोण के अनुरूप है, जिसमें अकादमिक और व्यावसायिक शिक्षा के बीच की दूरी को समाप्त करने पर बल दिया गया है।
Next Story