भारत

कुल्लू-मंडी-शिमला-सिरमौर- सोलन में झमाझम बारिश के आसार

Shantanu Roy
30 Jun 2026 4:02 PM IST
कुल्लू-मंडी-शिमला-सिरमौर- सोलन में झमाझम बारिश के आसार
x
शिमला। हिमाचल प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले दो से तीन दिनों के भीतर दस्तक दे सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र, शिमला के अनुसार मानसून की उत्तरी सीमा लगातार आगे बढ़ रही है और परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। अगले दो दिनों में मानसून के उत्तर अरब सागर से हिमाचल प्रदेश तक पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग की ओर से जारी सात दिवसीय पूर्वानुमान के अनुसार आज यानी मंगलवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होगी। इस दौरान विशेषकर निचले और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। पहली जुलाई को मौसम और अधिक सक्रिय होगा तथा कई स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।

विभाग ने दो जुलाई से पांच जुलाई तक प्रदेश के कई जिलों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सिरमौर और सोलन में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि आगामी सप्ताह में अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। बारिश ने नादौन में जनजीवन को प्रभावित कर दिया। हमीरपुर और कांगड़ा जिला को जोडऩे वाले पुराने ब्यास पुल पर जलभराव हो गया। पानी और मलबा जमा होने से पुल पर आधे घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। पुल के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई।
Next Story