भारत

सोलन में गर्मी ने बरपाया कहर, कल तक लू का अलर्ट

Shantanu Roy
20 May 2026 3:48 PM IST
सोलन में गर्मी ने बरपाया कहर, कल तक लू का अलर्ट
x
सोलन। सोलन जिले में इन दिनों भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग तथा डा. वाईएस परमार औद्योनिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय द्वारा जारी मौसम आधारित कृषि परामर्श के अनुसार आगामी दिनों में जिले में गर्म और शुष्क मौसम बना रहेगा। मौसम विभाग ने मंगलवार से 21 मई तक जिले के कुछ क्षेत्रों में उष्ण लहर यानी लू चलने की संभावना जताई है। हालांकि 22 मई को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने के आसार भी बताए गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान 30 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 18 से 19 डिग्री सेल्सियस तक रहने की
संभावना है।

तेज धूप और कम नमी के कारण खेतों में मिट्टी तेजी से सूख सकती है, जिससे फसलों पर प्रतिकूल प्रभाव पडऩे की आशंका है। इसी को देखते हुए किसानों को सिंचाई और फसल प्रबंधन को लेकर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। विशेषज्ञों ने किसानों से कहा है कि वे फसलों की सिंचाई सुबह जल्दी या शाम के समय करें, ताकि पानी का नुकसान कम हो सके। खेतों और पौधों के आसपास 10 से 15 सेंटीमीटर मोटी सूखी घास की मल्च बिछाने की सलाह दी गई है, जिससे मिट्टी में नमी लंबे समय तक बनी रहे। इसके अलावा किसानों को खेतों में नियमित निराई-गुड़ाई करने और साफ मौसम के दौरान ही पौध संरक्षण उपाय अपनाने को कहा गया है। बागवानी फसलों में भी गर्मी का असर देखने को मिल सकता है। टमाटर की फसल में अधिक तापमान के कारण लीफ कर्ल रोग बढऩे की संभावना जताई गई है। किसानों को पौधों को सहारा देने, खेत में पर्याप्त नमी बनाए रखने और रोगों की नियमित निगरानी करने की सलाह दी गई है। वहीं प्याज और लहसुन की फसल तैयार होने पर तुरंत कटाई कर उसे हवादार स्थान पर सुरक्षित रखने को कहा गया है। कद्दू वर्गीय फसलों में कीट और रोगों की रोकथाम के लिए नियमित निरीक्षण करने की सलाह भी जारी की गई है।
Next Story