भारत

जम्मू में अगले 24 घंटे तक लू चलने की आशंका, घाटी में गर्म और शुष्क रहेगा मौसम

Nil dhankar
18 May 2026 3:04 PM IST
जम्मू में अगले 24 घंटे तक लू चलने की आशंका, घाटी में गर्म और शुष्क रहेगा मौसम
x

जम्मू-कश्मीर। मौसम को लेकर आईएमडी श्रीनगर के निदेशक मुख्तार अहमद ने बताया कि जम्मू को अगले 24 घंटों तक लू की स्थिति का सामना करना पड़ेगा, जबकि कश्मीर में तापमान में बढ़ोतरी के साथ गर्म और शुष्क मौसम बना रहेगा; दोपहर में चलने वाली तेज हवाओं से थोड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि घाटी में तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा, वहीं, जम्मू में 40 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया। जम्मू में लोगों को लू की स्थिति का सामना करना पड़ेगा। कुछ एक जिले, खासकर मैदानी इलाकों में लू की आशंका है। घाटी में भी गर्म और शुष्क मौसम रहेगा। अगले 24 घंटे में हीट वेव के चांस कम हैं।

मुख्तार अहमद ने बताया कि कल (मंगलवार) से हल्की बारिश और तूफान की आशंका है। 25 मई तक ऐसी स्थिति रहने वाली है। हर दिन दोपहर के बाद हल्की बारिश होगी। 25 मई के बाद फिर से मौसम के शुष्क रहने के चांस हैं। उन्होंने रहा कि 28-29 मई तक बारिश को लेकर कोई पूर्वानुमान नहीं है। आज गर्मी रहेगी और कल से थोड़ी राहत मिल सकती है।

एक दिन पहले 17 मई को भारतीय मौसम विभाग (आईएएमडी) ने जानकारी दी थी कि जम्मू-कश्मीर में 19 और 20 मई को हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। वहीं, महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में भी गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने बताया था कि पश्चिमी राजस्थान में 17 से 22 मई तक हीटवेव की स्थिति बनी रहेगी। 21 और 22 मई को कुछ इलाकों में गंभीर हीटवेव का असर हो सकता है। मौसम विभाग ने बताया था कि उत्तर प्रदेश में भी 17 से 22 मई तक लू चलने की संभावना है, जबकि 19 से 22 मई के बीच कई इलाकों में गंभीर हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में भी तेज गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है।

Next Story