भारत

खुद को बताता रहा PMO का बड़ा अफसर, लेकिन शादी के एक कार्ड ने खोल दी जालसाज की पोल

jantaserishta.com
4 Jun 2026 5:58 PM IST
खुद को बताता रहा PMO का बड़ा अफसर, लेकिन शादी के एक कार्ड ने खोल दी जालसाज की पोल
x
जानें पूरा मामला.
नई दिल्ली: नई दिल्ली में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक शख्स सालों तक खुद को प्रधानमंत्री ऑफिस यानी पीएमओ का अधिकारी बताकर लोगों को अपने जाल में फंसाता था. उसकी यह कहानी तब सामने आई जब एक शादी का निमंत्रण कार्ड सीधे पीएमओ पहुंच गया. कार्ड में उस शख्स को पीएमओ में अंडर सेक्रेटरी बताया गया था. इसके बाद शुरू हुई जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए और अब सीबीआई ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया.
सीबीआई अधिकारियों के अनुसार आरोपी की पहचान पी. एलंगोवन के रूप में हुई है. उसके खिलाफ कार्रवाई प्रधानमंत्री कार्यालय की तरफ से की गई शिकायत के आधार पर शुरू हुई. अधिकारियों ने बताया कि पीएमओ को एक शादी का निमंत्रण पत्र मिला था, जिसमें एलंगोवन को प्रधानमंत्री कार्यालय में अंडर सेक्रेटरी के पद पर कार्यरत बताया गया था.
जब पीएमओ ने अपने आधिकारिक रिकॉर्ड की जांच की तो पता चला कि थिरु पी. एलंगोवन नाम का कोई शख्स कभी भी प्रधानमंत्री कार्यालय में नहीं रहा है. इसके बाद पीएमओ को संदेह हुआ कि कोई व्यक्ति पीएमओ अधिकारी बनकर लोगों को गुमराह कर रहा है. इसी आधार पर पीएमओ के सहायक निदेशक ने शिकायत दर्ज कराई.
शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने 8 जनवरी को प्रारंभिक जांच शुरू की. जांच के दौरान पता चला कि साल 2023 में एलंगोवन ने तमिलनाडु के हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग के संयुक्त आयुक्त वी. कुमारेशन से फोन पर संपर्क किया था. उस दौरान उसने खुद को पीएमओ का अधिकारी बताया था.
जांच में सामने आया कि एलंगोवन ने अपने रिश्तेदारों के लिए तमिलनाडु के तिरुवन्नामलाई स्थित प्रसिद्ध अन्नामलाई मंदिर में वीआईपी दर्शन की व्यवस्था कराने का अनुरोध किया था. उसने अपनी पहचान पीएमओ अधिकारी के रूप में बताई, जिस पर भरोसा करते हुए कुमारेशन ने उसकी मांग पूरी कर दी. इसके बाद भी एलंगोवन लगातार इस तरह के अनुरोध करता रहा और कुमारेशन उसे पीएमओ अधिकारी समझकर मंजूरी देते रहे.
सीबीआई की जांच में यह भी सामने आया कि एलंगोवन ने बाद में कुमारेशन को अपने प्रभाव में लेकर एक और कदम उठवाया. उसने कुमारेशन से कहा कि उनके बेटे की शादी के लिए जो निमंत्रण पत्र छप रहा है, उसमें उसका नाम परिवार के सदस्य के रूप में शामिल किया जाए. एलंगोवन ने कथित तौर पर यह कहा कि ऐसा करने से वह अपने कार्यालय यानी पीएमओ से छुट्टी लेने में आसानी होगी.
इसके बाद 9 अप्रैल 2025 को निर्धारित कुमारेशन के बेटे के विवाह का निमंत्रण पत्र तैयार किया गया, जिसमें एलंगोवन का नाम भी शामिल किया गया. यही निमंत्रण पत्र बाद में पीएमओ भेजा गया. जब कार्ड प्रधानमंत्री कार्यालय पहुंचा तो अधिकारियों ने उसमें दिए गए विवरण की जांच की और यहीं से पूरे मामले का खुलासा हो गया.
जांच में यह स्पष्ट होने के बाद कि एलंगोवन कभी भी पीएमओ में कार्यरत नहीं रहा, सीबीआई ने उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली. एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि उसने कितने समय तक खुद को पीएमओ अधिकारी बताकर लोगों को प्रभावित किया और इस दौरान उसे क्या-क्या लाभ मिले. फिलहाल मामले की जांच जारी है. एक शादी के निमंत्रण पत्र से शुरू हुई यह कहानी अब एक कथित फर्जी पहचान और सरकारी पद का गलत इस्तेमाल करने के गंभीर मामले में बदल चुकी है. सीबीआई पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़कर आगे की कार्रवाई कर रही है.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story