
x
नदी में मौत का सैलाब दो छात्राओं की तलाश में जुटी टीमें
Prayagraj प्रयागराज: प्रयागराज के मांडा थाना क्षेत्र में कजरी त्योहार की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब कर्णावती नदी में नहाने गईं पांच किशोरियां तेज बहाव की चपेट में आ गईं। हादसे में तीन लड़कियों को ग्रामीणों ने सुरक्षित बचा लिया, जबकि दो किशोरियां नदी की तेज धारा में बहकर लापता हो गईं। देर शाम तक जल पुलिस और गोताखोरों की टीम दोनों की तलाश में जुटी रही। जानकारी के अनुसार, मांडा क्षेत्र के सुरवांदलापुर गांव की पांच सहेलियां सोमवार सुबह रामपुर सिरिया गांव के सामने कर्णावती नदी पहुंची थीं। वे कजरी पर्व के मौके पर जरई और गुड़िया विसर्जित करने गई थीं। विसर्जन के बाद सभी लड़कियां नदी में नहाने लगीं। इसी दौरान अचानक तेज बहाव आने से पांचों लड़कियां पानी में बहने लगीं।
नदी किनारे खेतों में काम कर रहे युवकों ने लड़कियों की चीख-पुकार सुनी और तुरंत बचाव के लिए नदी में कूद गए। ग्रामीणों की मदद से गुल्लू, आर्या और प्राप्ति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन अंकिता तिवारी और शुभि मिश्रा तेज धारा में बह गईं। हादसे की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में नदी किनारे पहुंच गए। मौके पर तहसीलदार मेजा पवन सिंह, मांडा थाना प्रभारी कुलदीप शर्मा, भारतगंज और दिघिया चौकी की पुलिस टीम तथा फायर ब्रिगेड पहुंची।
पुलिस और स्थानीय गोताखोरों ने नदी में तलाश अभियान शुरू किया। शाम करीब चार बजे स्थानीय गोताखोर और इसके बाद जल पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची, लेकिन देर शाम तक दोनों किशोरियों का कोई सुराग नहीं मिल सका। लापता किशोरियों की पहचान 14 वर्षीय अंकिता तिवारी और 13 वर्षीय शुभि मिश्रा के रूप में हुई है। अंकिता जीआईसी सुरवांदलापुर में कक्षा नौ की छात्रा थी, जबकि शुभि यूडी मेमोरियल पब्लिक स्कूल में पढ़ती थी।
हादसे में बचाई गईं तीनों किशोरियां काफी डरी हुई थीं। बताया गया कि गुल्लू और अंकिता सगी बहनें थीं। अंकिता के लापता होने के बाद गुल्लू और उसके पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, अन्य छात्राओं के परिवार भी सदमे में हैं। परिजनों ने बताया कि बच्चियों को नदी जाने से मना किया गया था, लेकिन वे अपनी सहेलियों के साथ चली गईं। फिलहाल प्रशासन की टीम नदी में दोनों किशोरियों की तलाश में जुटी हुई है।
Next Story





