
लखनऊ। बंथरा में हरौनी चौकी से चंद कदम दूरी पर पेट्रोल पंप के पीछे छात्रा से गैंगरेप के तीसरे आरोपी 25 हजार के इनामी राजेश उर्फ बाबू से शनिवार रात मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से बाबू घायल हो गया। पुलिस ने उसे दबोच लिया। बाबू के पास से पुलिस ने एक तमंचा, दो खोखा कारतूस बरामद की है। इसके पूर्व उसके साथी ललित को भी पुलिस ने मुठभेड़ में पैर में गोली मारी थी। अबतक तीन आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। फरार दो की तलाश में दबिश दे रही है।
पुलिस उपायुक्त निपुण अग्रवाल के मुताबिक बुधवार रात करीब 12 बजे पुलिस टीम गश्त कर रही थी। इंस्पेक्टर राणा राजेश कुमार सिंह और पुलिस टीम ने संदिग्ध को देखकर रोकने का प्रयास किया। वह भागा और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी। संदिग्ध की पहचान गैंगरेप के आरोपी राजेश उर्फ बाबू के रूप में हुई।
राजेश को लोकबंधु अस्पताल भेजा गया है। फरार आरोपी विशाल और छोटू की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है। राजेश तीसरा आरोप है। इसके पूर्व घटना की रात को ही आरोपी ललित और उसके साथी मेराज को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया था। ललित के पैर में गोली लगी थी। 17 वर्षीय 11वीं की छात्रा अपनी गर्भवती बहन की देखरेख में उसके घर पर रुकी थी। 11 अक्टूबर को वह अपने परिचित के फोन पर उससे मिलने पेट्रोल पंप के पीछे गई थी। उसी समय ललित और उसके पांचों साथियों ने छात्रा के परिचित को जमकर पीटा था। इसके बाद छात्रा को खींचकर बाग में ले गए थे। वहां पांचों ने उसके साथ दरिंदगी की थी। छात्रा के पिता की तहरीर पर पांचों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। फरार आरोपियों पर 25-25 हजार का इनाम है।





