भारत

गुवाहाटी छात्रा मौत मामला: होमस्टे सील, बॉयफ्रेंड हिरासत में, जांच में जुटी पुलिस

Shantanu Roy
28 Sept 2026 1:54 PM IST
गुवाहाटी छात्रा मौत मामला: होमस्टे सील, बॉयफ्रेंड हिरासत में, जांच में जुटी पुलिस
x
बड़ी खबर
Guwahati. गुवाहाटी। असम के गुवाहाटी में गुवाहाटी यूनिवर्सिटी की छात्रा निमिषा ठाकुरिया की संदिग्ध हालात में हुई मौत का मामला अब भी रहस्य बना हुआ है। छात्रा की मौत के बाद पुलिस ने धारापुर इलाके स्थित उस होमस्टे को सील कर दिया है, जहां वह अपने कथित बॉयफ्रेंड आसिफ अली के साथ ठहरी थी। पुलिस अब होमस्टे के रिकॉर्ड, दस्तावेज और वहां ठहरने से जुड़ी सभी जानकारियों की जांच कर रही है। निमिषा ठाकुरिया गुवाहाटी यूनिवर्सिटी में पांच साल के इंटीग्रेटेड कोर्स की छात्रा थी। पुलिस के अनुसार, मौत से पहले वह आसिफ अली के साथ धारापुर स्थित होमस्टे में रुकी थी। जांच के दौरान यह बात सामने आई है कि होमस्टे में ठहरने वाले दोनों लोगों से जरूरी पहचान पत्र और दस्तावेज नहीं लिए गए थे। इसी वजह से होमस्टे संचालक भी पुलिस जांच के दायरे में आ गया है।
होमस्टे रिकॉर्ड की जांच कर रही पुलिस
डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस बोलिन देउरी ने बताया कि पुलिस होमस्टे के रिकॉर्ड की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में पता चला है कि निमिषा और आसिफ करीब एक महीने के दौरान लगभग पांच बार इस होमस्टे में पहुंचे थे। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दोनों के बीच संबंधों की प्रकृति क्या थी और घटना वाली रात वहां क्या-क्या हुआ था। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान अगर किसी तरह के नियम उल्लंघन या लापरवाही की बात सामने आती है तो संबंधित लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।
सुबह बेहोशी की हालत में मिली थी छात्रा
पुलिस के मुताबिक, निमिषा शुक्रवार रात एक दोस्त के साथ बाहर गई थी। इसके बाद उसके धारापुर इलाके में रुकने की जानकारी सामने आई। सुबह करीब 4:30 बजे वह गरल पीएचसी के पास बेहोशी की हालत में मिली थी। मौके पर मौजूद तीन लोगों ने उसे स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर छात्रा को गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (GMCH) रेफर किया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत की वजह स्पष्ट करने की कोशिश की जा रही है।
आसिफ अली से पूछताछ जारी
इस मामले में पुलिस ने आसिफ अली को हिरासत में लिया है। उससे घटना को लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस निमिषा के साथ उसके रिश्ते, घटना वाली रात दोनों की गतिविधियों और छात्रा के बेहोश मिलने से पहले की घटनाओं की जानकारी जुटा रही है। पुलिस के अनुसार, आसिफ ने निमिषा के साथ रिश्ते में होने की बात स्वीकार की है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि दोनों की मुलाकात कैसे हुई थी और घटना से पहले दोनों कहां-कहां गए थे।
आत्महत्या के दावे की भी जांच
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आसिफ ने दावा किया है कि निमिषा ने फांसी लगाकर आत्महत्या की थी। हालांकि, पुलिस ने इस दावे को अभी अंतिम निष्कर्ष नहीं माना है। डीसीपी बोलिन देउरी ने कहा कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और किसी भी बयान को बिना सत्यापन के स्वीकार नहीं किया जाएगा। पुलिस घटनास्थल की परिस्थितियों, मिले साक्ष्यों और अन्य तकनीकी जानकारी के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। फिलहाल निमिषा ठाकुरिया की मौत एक डेथ मिस्ट्री बनी हुई है। पुलिस छात्रा की मौत से पहले की पूरी घटनाक्रम को जोड़ने में जुटी है। जांच में होमस्टे रिकॉर्ड, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य सबूतों को शामिल किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि छात्रा की मौत किन परिस्थितियों में हुई थी।
Next Story