भारत

100वीं ‘संडे ऑन साइकिल’ रैली का भव्य आयोजन, सुधीर शर्मा ने संभाली कमान

Shantanu Roy
29 Nov 2026 6:42 PM IST
100वीं ‘संडे ऑन साइकिल’ रैली का भव्य आयोजन, सुधीर शर्मा ने संभाली कमान
x
Hospice. धर्मशाला। फिट इंडिया मूवमेंट के तहत रविवार को ‘संडे ऑन साइकिल’ अभियान का 100वां संस्करण धर्मशाला में उत्साह के साथ मनाया गया। इस मौके पर धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा ने साई के राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र (एनसीओई) में आयोजित मेगा साइकिल रैली का नेतृत्व किया। कार्यक्रम में खिलाड़ियों, विद्यार्थियों, फिटनेस प्रेमियों और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने भाग लेकर फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया। कार्यक्रम का आयोजन ‘इंडिया रेडी फॉर ओलंपिक्स’ थीम के तहत किया गया। इस दौरान विधायक सुधीर शर्मा ने कहा कि स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को साइकिलिंग और अन्य शारीरिक गतिविधियों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत खेलों के क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है।

वर्ष 2030 में राष्ट्रमंडल खेलों और वर्ष 2036 में ओलंपिक की मेजबानी की आकांक्षा को पूरा करने के लिए युवाओं में खेल संस्कृति और फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना जरूरी है। इस अवसर पर नाबार्ड के डीडीएम हिमांशु पांडे, विजय कुमार बोध, एएसआई कांगड़ा सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने नशामुक्त भारत की शपथ भी ली। गौरतलब है कि ‘संडे ऑन साइकिल’ अभियान की शुरुआत 17 दिसंबर 2024 को नई दिल्ली के मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम से की गई थी। करीब 500 साइकिल चालकों से शुरू हुआ यह अभियान अब देशव्यापी जन आंदोलन बन चुका है। इसके 100 संस्करणों में देशभर में करीब 40 लाख लोगों की भागीदारी दर्ज की गई है। रविवार को देश के 600 से अधिक जिलों में माय भारत के स्वयंसेवकों ने साइकिल रैलियां निकालीं। वहीं, मुख्य कार्यक्रम पुणे में केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया के नेतृत्व में आयोजित हुआ, जिसमें 1.5 लाख से अधिक माय भारत स्वयंसेवकों ने भाग लिया।
Next Story