छत्तीसगढ़
संविधान भारत की आत्मा है, 'बुलेट' नहीं 'बैलेट' से चलती है देश की व्यवस्था: बृजमोहन अग्रवाल
Shantanu Roy
29 Nov 2026 6:14 PM IST

x
छग
Raipur. रायपुर। भारत का संविधान केवल एक किताब नहीं, बल्कि हमारे देश की आत्मा है। पिछले 76-77 वर्षों में 140 करोड़ की आबादी वाले इस विशाल देश में संविधान के मूल स्वरूप में कोई बदलाव करने की जरूरत नहीं पड़ी, यही इसकी सबसे बड़ी ताकत है। इस आत्मा को चोट पहुंचाने की कई बार कोशिशें हुईं—चाहे 1975 की इमरजेंसी हो, 'भारत तेरे टुकड़े होंगे' जैसे नारे हों या फिर 'बुलेट' के दम पर सत्ता हथियाने की नक्सलवादी मानसिकता। लेकिन हमारे संविधान ने इन सबको नकारा है। आज छत्तीसगढ़ को बुलेट की उस मानसिकता से मुक्ति मिल रही है, तो यह भी संविधान की ही देन है।" उक्त बातें रायपुर के सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने मौदहापारा स्थित दुर्गा महाविद्यालय के सभागृह में आयोजित 'संविधान गौरव दिवस' कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहीं। भारतीय संविधान के गौरव, मूल्यों एवं लोकतांत्रिक परंपराओं के सम्मान में आयोजित इस भव्य समारोह में वे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस गौतम भादुड़ी उपस्थित रहे, जिनका सांसद श्री अग्रवाल ने अभिनंदन किया। इस अवसर पर विधायक मोतीलाल साहू, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ जाकिर अली, महाविद्यालय समिति के पदाधिकारी, जिला भाजपा अध्यक्ष रमेश ठाकुर, श्याम नारंग, शेखर अमीन भी उपस्थित रहे।
अपने पुराने दिनों को किया याद
कार्यक्रम की शुरुआत में सांसद श्री अग्रवाल अपने पुराने छात्र जीवन की यादों में खो गए। उन्होंने कहा कि दुर्गा महाविद्यालय से उनका बेहद आत्मीय नाता रहा है। उन्होंने इसी महाविद्यालय से लॉ (विधि) और एम.कॉम की डिग्री हासिल की, जबकि एम.ए. इकोनॉमिक्स की पढ़ाई छत्तीसगढ़ कॉलेज से पूरी की। श्री अग्रवाल ने कहा कि जिस सभागृह में आज यह आयोजन हो रहा है, वहां 10-11 सालों तक उन्होंने कई कार्यक्रम किए हैं और यह उनका सौभाग्य है कि इस हॉल को आज के स्वरूप में संवारने में उन्हें योगदान देने का अवसर मिला।
धारा 370 की समाप्ति और राम मंदिर निर्माण संविधान की ही शक्ति
श्री अग्रवाल ने संविधान की ताकत को रेखांकित करते हुए कहा कि एक समय था जब देश में 'दो विधान, दो प्रधान और दो निशान' के खिलाफ लोगों को कुर्बानी देनी पड़ी थी, लेकिन इसी संविधान ने केंद्र सरकार को इतनी शक्ति दी कि कश्मीर से धारा 370 को समाप्त किया जा सका। आज देश का हर नागरिक वहां जमीन खरीद सकता है और बस सकता है। इसी तरह, वर्षों तक वोट की राजनीति के कारण बहुमत की भावनाओं का अपमान होता रहा, लेकिन सुप्रीम कोर्ट को मिले संवैधानिक अधिकारों की ही ताकत है कि 500 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद अयोध्या में प्रभु श्रीराम का भव्य मंदिर बनकर तैयार हुआ।
एक वोट की ताकत से 4 दशकों से अधिक समय से कर रहा हूं जनता की सेवा
बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि, लोकतंत्र में आम नागरिक के अधिकारों पर बात करते हुए सांसद ने कहा कि हमारे संविधान ने सड़क पर भिक्षा मांगने वाले व्यक्ति और टाटा, बिरला, अंबानी या अडानी जैसे बड़े उद्योगपतियों को एक ही तराजू पर रखा है—दोनों के पास केवल एक ही वोट का अधिकार है। यदि कोई सरकार, मुख्यमंत्री या प्रधानमंत्री जनभावनाओं के अनुरूप काम नहीं करता, तो जनता के पास हर 5 साल में उसे बदलने की ताकत है। उन्होंने याद दिलाया कि 1975 में जब 5 साल के कार्यकाल को बढ़ाकर साढ़े छह साल करने का प्रयास हुआ, तो देश की जनता ने चुनाव होते ही सत्ता से बाहर का रास्ता दिखा दिया। श्री अग्रवाल ने कहा कि आज यदि वे लगातार 37 वर्षों से जनप्रतिनिधि के रूप में सेवा कर रहे हैं—आठ बार विधायक, पांच बार मंत्री और अब नौवीं बार सांसद बने हैं—तो यह सब भारतीय संविधान की ही देन है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संविधान ने संसद, न्यायपालिका और कार्यपालिका तीनों के अधिकार तय किए हैं और किसी को भी मनमानी करने की छूट नहीं दी है।
आजादी के पहले देश के लिए मरना था, अब देश के लिए जीना सीखें युवा
युवाओं और लॉ के विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए श्री अग्रवाल ने कहा कि आजादी से पहले चंद्रशेखर आजाद, खुदीराम बोस, मंगल पांडे और अब्दुल हमीद जैसे क्रांतिकारियों ने कम उम्र में फांसी के फंदे को चूमकर देश के लिए मरना सिखाया था, लेकिन आज युवाओं को देश के लिए जीना सीखना होगा। उन्होंने स्वामी विवेकानंद (30 वर्ष की उम्र में शिकागो में भारत का परचम लहराया) और आदि शंकराचार्य (24 वर्ष की उम्र में चारों धाम की स्थापना की) का उदाहरण देते हुए युवाओं से राष्ट्र निर्माण में आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज भारत 7.8 प्रतिशत की जीडीपी दर के साथ विश्व की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है और 11वें स्थान से उठकर 5वें और अब तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है।
अधिकारों के साथ कर्तव्यों का पालन भी जरूरी
सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संविधान के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने के लिए 26 नवंबर 2015 से पूरे देश में संविधान दिवस मनाने की शुरुआत की। उन्होंने उपस्थित विधि संकाय (लॉ फ्रेटर्निटी) के सदस्यों और छात्र-छात्राओं से आग्रह किया कि वे संविधान में निहित अधिकारों के साथ-साथ नागरिक कर्तव्यों की जानकारी भी आम लोगों तक पहुंचाएं, ताकि समाज का अंतिम व्यक्ति भी शासन-प्रशासन से अपने हक प्राप्त कर सके और समतामूलक समाज का निर्माण हो सके।
अभिव्यक्ति की आजादी असीमित नहीं, संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने वाले नैरेटिव से सतर्क रहें युवा: जस्टिस गौतम भादुड़ी
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस गौतम भादुड़ी ने मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों पर सारगर्भित उद्बोधन दिया। उन्होंने अलीपुर जेल के क्रांतिकारी शहीद कनाईलाल दत्त का प्रेरक प्रसंग सुनाते हुए कहा कि फांसी से ठीक पहले उन्होंने अपने पिता को चश्मा देने से सिर्फ इसलिए मना कर दिया था कि कहीं राह में ठोकर लगने पर अंग्रेज यह न समझ लें कि वे डर गए हैं—यही निडर भावना हमारे संवैधानिक कर्तव्यों की असली आत्मा है। जस्टिस भादुड़ी ने युवाओं और विधि के विद्यार्थियों से देश की संप्रभुता, अखंडता, पर्यावरण और सांस्कृतिक विरासत की रक्षा करने तथा वैज्ञानिक सोच व नवाचार (इनोवेशन) को बढ़ावा देने का आह्वान किया। उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए देशभर में 60 हजार युवाओं को साइबर और ड्रोन युद्ध जैसी आधुनिक चुनौतियों का प्रशिक्षण दिए जाने की पहल को भी सराहा।
वर्तमान वैश्विक व घरेलू परिदृश्य पर बात करते हुए जस्टिस भादुड़ी ने राजनीतिक विचारक जीन शार्प की पुस्तक का उल्लेख किया और आगाह किया कि किस तरह सुनियोजित नैरेटिव और सोशल मीडिया एल्गोरिदम के जरिए संवैधानिक संस्थाओं—संसद और सुप्रीम कोर्ट—की साख को कमजोर करने तथा अराजकता फैलाने के प्रयास किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि राफेल सौदे या सामरिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण ग्रेट निकोबार (मलक्का स्ट्रेट) जैसे राष्ट्रहित के प्रोजेक्ट्स पर बिना तथ्यों को समझे अंधा विरोध करना उचित नहीं है। अनुच्छेद 19(1)(a) का जिक्र करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि अभिव्यक्ति की आजादी असीमित नहीं है और यह किसी को भी सोशल मीडिया पर संस्थाओं या व्यक्तियों के प्रति अमर्यादित भाषा का उपयोग करने का अधिकार नहीं देती। कार्यक्रम में राजकुमार शुक्ला, आनंद मोहन ठाकुर सहित बड़ी संख्या में प्राध्यापक, विधि विशेषज्ञ एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
Next Story





