भारत

गोविंद राम का मकान क्षतिग्रस्त, राहत राशि कम होने पर ग्रामीणों ने जताई नाराजगी

Shantanu Roy
29 March 2026 5:55 PM IST
गोविंद राम का मकान क्षतिग्रस्त, राहत राशि कम होने पर ग्रामीणों ने जताई नाराजगी
x
कुमारसैन। तहसील कुमारसैन की ग्राम पंचायत कांगल के ग्रामीणों ने आपदा से प्रभावित गोविंद राम के परिवार की गंभीर स्थिति को लेकर उपमंडल अधिकारी (एसडीएम) मुकेश शर्मा से मुलाकात की। करीब 20 ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल एसडीएम कार्यालय में पहुंचा और परिवार की समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखा। ग्रामीणों ने बताया कि बीते वर्ष आई प्राकृतिक आपदा में गोविंद राम का दो मंजिला मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। मकान की दोनों मंजिलों में तीन-तीन कमरे थे, जो अब रहने योग्य नहीं बचे हैं। मकान की जर्जर स्थिति किसी बड़े हादसे को न्योता देती है। प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि सरकारी दिशा-निर्देशों के अनुसार नुकसान का सही आकलन नहीं किया, जिससे मिली राहत राशि वास्तविक नुकसान के मुकाबले बहुत कम है।
प्रारंभिक सर्वेक्षण में मकान की क्षति मात्र एक लाख रुपए आंकी थी। गोविंद राम पिछले एक वर्ष से किराए के मकान में रह रहे हैं और हृदय रोग से पीड़ित होने के कारण आर्थिक स्थिति और भी कमजोर हो गई है। एसडीएम मुकेश शर्मा ने ग्रामीणों की बात गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि मामले की पूरी जांच की जाएगी और परिवार को उचित सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने प्रशासन की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने पंचायत क्षेत्र की अन्य समस्याओं को भी एसडीएम के समक्ष रखा। बैठक में पूर्व उपप्रधान रमेश कुमार, समाजसेवी वेद वर्मा, कमलेश शर्मा, हरीश चौहान, राजकुमार और रामलाल सहित अन्य ग्रामीण मौजूद थे।
Next Story