भारत

अन्नदाताओं के पर अत्याचार कर रहे सरकार : कांग्रेस के महासचिव रणदीप सिंह

Khushboo Dhruw
6 March 2021 5:41 PM GMT
अन्नदाताओं के पर अत्याचार कर रहे सरकार : कांग्रेस के महासचिव रणदीप सिंह
x
कांग्रेस ने कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन के 100 दिन पूरा होने की पृष्ठभूमि में शनिवार को सरकार पर अन्नदाताओं के साथ अत्याचार करने का आरोप लगाया।

कांग्रेस ने कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन के 100 दिन पूरा होने की पृष्ठभूमि में शनिवार को सरकार पर अन्नदाताओं के साथ अत्याचार करने का आरोप लगाया। पार्टी ने दावा किया कि सरकार इस आंदोलन को सार्वजनिक विमर्श से गायब करने के लिए तरह-तरह के हथकंडों का सहारा ले रही है।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट किया-जिनके बेटे देश की सीमा पर जान बिछाते हैं, उनके लिए कीलें बिछाई हैं दिल्ली की सीमा पर। अन्नदाता मांगे अधिकार, सरकार करे अत्याचार। पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी ट्विटर के जरिये केंद्र सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा-100 दिन किसानों के संघर्ष के, हक की लड़ाई के, अन्नदाता के सम्मान के, गांधीजी, सरदार पटेल, नेहरूजी, शास्त्रीजी, शहीद भगत सिंह के दिखाए हुए रास्ते के।

कांग्रेस के महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने एक बयान जारी कर कहा कि धरती का भगवान अन्नदाता किसान बीते 100 दिनों से सताया जा रहा है। भाजपाई सत्ता ने इस अवधि में किसानों के साथ क्रूरता, निर्दयता और बर्बरता की सारी हदें लांघ दी है। उन्होंने पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों में भाजपा को हराने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु, केरल, बंगाल, असम और पुडुचेरी में भाजपा की हार किसानों की जीत होगी।

उल्लेखनीय है कि पिछले 100 दिनों से दिल्ली की विभिन्न सीमाओं पर कई किसान संगठन प्रदर्शन कर रहे हैं। उनकी मांग तीनों नए कृषि कानूनों को वापस लेने और न्यूनतम समर्थन मूल्य की गारंटी वाला कानून बनाने की है। दूसरी तरफ, सरकार ने तीनों कानूनों को कृषि सुधारों की दिशा में बड़ा कदम करार देते हुए कहा है कि इससे किसानों को लाभ होगा और अपनी उपज बेचने के लिए उनके पास कई विकल्प होंगे।


Next Story